
निगमायुक्त ने पार्षद मद के 30 लाख रुपए जारी करने दिए निर्देश
जबलपुर। जबलपुर नगर निगम के सभी 79 वार्डो में काम ठप्प होने और महापौर की बड़ी बड़ी झूठी घोषणाओं के विरोध में कांग्रेस पार्षद दल ने सोमवार को नगर निगम में धरना दिया और वार्डो के लिए पार्षद मद की शेष राशि जारी करने की मांग की, साथ ही आउटसोर्स कर्मचारियों और ठेकेदारों को समय से भुगतान करने की भी मांग रखी, ताकि विकास कार्य प्रभावित न हो| दिनभर धरना प्रदर्शन करने के बाद मांग पूरी न होने पर आमरण अनशन की घोषणा की गई| इसके बाद निगमायुक्त श्रीमति प्रीति यादव ने तत्काल सभी वार्डों के लिए 30-30 लाख रुपए की राशि विकास कार्य के लिए स्वीकृत किए जाने संभागीय अधिकारियों को जारी किए| इसके बाद कांग्रेस पार्षद दल ने अपना धरना समाप्त किया| नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष के समाप्त होने में केवल तीन महीने का समय बचा है, लेकिन अभी तक पार्षद मद की 60 लाख रुपये की शेष राशि जारी नहीं की गई है, जिससे पार्षदों को विकास कार्यों के लिए कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस पार्षद दल लंबे समय से इस मुद्दे को उठा रहा है, पहले सदन में और महापौर तथा आयुक्त से व्यक्तिगत रूप से यह मामला उठाया गया था, लेकिन अब तक पार्षद मद की 60 लाख रुपये की शेष राशि जारी होना बाकि थी। इसी बीच कांग्रेस पार्षद धरना प्रदर्शन दल के धरने को देखते हुए निगम आयुक्त प्रीति यादव ने सभी जोनों को आदेश जारी कर पार्षद मद की बची हुई 60 लाख रुपए की राशि में से 30 लाख रुपए की राशि जारी करने का निर्देश दिया है, जिसके बाद कांग्रेस पार्षद दल ने धरना समाप्त कर दिया है और कहा है कि अगर बची हुई 30 लाख रुपए की भी राशि जल्दी जारी नहीं की गई तो धरना प्रदर्शन पुनः शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर अतुल नरेश बाजपेयी, अयोध्या तिवारी, गुड्डु नबी, याकूब अंसारी, पार्षद वकील अंसारी, दिनेश गुड्डू तामसेतवर, ताहिर अली, सफीक हीरा, राजेश यादव, हर्षित यादव, प्रमोद पटेल, अमर रजक, राकेश पांडे, कलीम खान, अख्तर अंसारी आदि उपस्थित रहे।
