लाभार्थी 31 मार्च 2025 तक आवास प्लस 2.0 पोर्टल पर स्वयं कर सकते हैं पंजीयन

छिन्दवाड़ा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हर पात्र हितग्राही को घर देने का संकल्प पूरा हो रहा है। लाभार्थी 31 मार्च 2025 तक आवास प्लस 2.0 पोर्टल पर स्वयं पंजीयन कर सकते हैं। योजना का विस्तार आगामी वर्षों में किया जाएगा। यह जानकारी सांसद बंटी विवेक साहू के द्वारा पात्र हितग्राहियों के लिए जारी की गई है।
सांसद श्री साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा चलाई जा रही आवास योजना (ग्रामीण) के लिए सर्वे प्रारंभ हो गया है। इसमें पात्र परिवारों के नाम 31 मार्च तक स्थाई प्रतीक्षा सूची में जोड़ने की कार्यवाही की जा रही है। योजना अंतर्गत केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने योजना को आगामी पांच वर्ष के लिये वित्तीय वर्ष 2024-25 से 2028-29 तक की मंजूरी दी है। इस संबंध में ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार ने आवास प्लस की सूची को अद्यतन करने के लिए आवास प्लस सर्वे 2024 प्रारंभ किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का सर्वे जिले में ग्राम पंचायत में नियुक्त किये गये सर्वेयर सचिव/रोजगार सहायक द्वारा किया जायेगा। सर्वे कार्य आवास प्लस एप- 2024 से किया जाएगा। इसमें हितग्राही स्वयं के मोबाइल से भी आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए मोबाइल एप्लीकेशन आवास प्लस 2.0 ग्रामीण विकास मंत्रालय एन.आई.सी द्वारा निर्मित किया गया है। सांसद श्री साहू ने ग्राम पंचायत में नियुक्त किये गये सर्वेयर सचिव/रोजगार सहायक को निर्देश दिये है कि वे प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का सर्वे शुरू करते हुये पात्र हितग्राहियों का चयन करके आगे की कार्यवाही के लिए जिला और तहसील मुख्यालय में सुची भेजे,जिससे की पात्र हितग्राहियों को आवास योजना का लाभ दिलाया जा सके।
