Spread the love

27 को महू में संविधान न्याय यात्रा को संबोधित करेंगे राहुल गांधी
जबलपुर। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने यहां कहा कि भाजपा और आरएसएस बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा दिए गए मजबूत संविधान से छेड़छाड़ और लगातार बदलने के प्रयास कर रही है| कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व लगातार संविधान की रक्षा करने संघर्ष कर रहा है| इसी कड़ी में बाबा साहेब अंबेडकर की जन्मभूमि महू में 27 जनवरी को लोकसभा के नेताप्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खड़गे और श्रीमति प्रियंका गांधी सहित देश प्रदेश के तमाम वरिष्ठ नेता संविधान न्याय यात्रा को संबोधित करेंगे| जबलपुर प्रवास पर पहुंचे पटवारी यहां पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे, इस दौरान उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर भी जमकर निशाना साधा| उन्होंने बताया कि संविधान न्याय यात्रा में प्रदेशभर से कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेताओं के शामिल होने की संभावना है, जो पूरे साल मध्यप्रदेश में चलने वाली संविधान रक्षा यात्रा की शुरुआत के रूप में आयोजित की जाएगी।
बिना कर्ज लिए मुख्यमंत्री को नींद नहीं आती…………
श्री पटवारी ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें कर्ज लेने वाला मुख्यमंत्री करार दिया। पटवारी ने कहा, अगर मुख्यमंत्री मोहन यादव पांच हजार करोड़ से कम का कर्ज लेते हैं, तो उन्हें नींद नहीं आती है। ये कर्ज एक सप्ताह में ही लिया जाता है, और अगर दूसरे हफ्ते तक कर्ज नहीं लिया जाए, तो मुख्यमंत्री को सर्दी-खांसी हो जाती है। पटवारी ने प्रदेश के कर्ज पर सवाल उठाते हुए इसे भाजपा सरकार की नाकामियों का उदाहरण बताया।
पत्रकार वार्ता के दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, विधायक लखन घनघोरिया, नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा, पूर्व विधायक विनय सक्सेना, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष अमरीष मिश्रा आदि उपस्थित थे।
सौरभ शर्मा की डायरी में भाजपा नेताओं का काला चिट्ठा …
पटवारी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सौरभ शर्मा की लाल डायरी से जुड़े सवालों का अभी तक कोई जवाब नहीं मिल पाया। पटवारी ने कहा, सौरभ शर्मा एक माह से गायब है और उसकी लाल डायरी का पता नहीं चल पाया। तीन केंद्रीय एजेंसियाँ इसे खोजने में लगी हैं, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसमें भाजपा के 40 नेताओं के नाम बताए जा रहे हैं। इन नेताओं ने पिछले छह महीनों में 2 हजार करोड़ रुपए की रिश्वत ली है। यह मामला गंभीर है और सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।
भ्रष्टाचार बेरोजगारी का कैंसर फैला..
पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में बाबा साहब अंबेडकर का अपमान किया जा रहा है। उन्होंने कहा, भाजपा ने प्रदेश में भ्रष्टाचार और बेरोजगारी का कैंसर फैला दिया है। उनके शासन में हर कार्यालय में बिना पैसे के कोई काम नहीं होता। भाजपा नेताओं की राजनीति में बाबा साहब अंबेडकर की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ भी की जा रही है, और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बाबा साहब का अपमान किया है।
गूगल करें भाजपा नेताओं के नाम …
पटवारी ने आगे कहा कि गूगल पर सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाला शब्द सर्च करें तो मुख्यमंत्री मोहन यादव का नाम सामने आता है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर आरोप लगाया कि वे कानून तोड़ते हैं और जनता पर अत्याचार करते हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश के विधानसभा उपचुनाव में भी भाजपा के चुनावी रणनीतियों को निशाना बनाया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने एसएएफ के जवानों को चुनाव में गड़बड़ी करने के लिए इस्तेमाल किया था।
अलग इतिहास बनाना चाहती है भाजपा : सिंघार …………
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा लोकसभा चुनाव के पहले भाजपा ने कहा था अगर 4 सौ सीटें आईं तो संविधान बदल देंगे। भाजपा के नेता हर जगह आरएसएस की विचारधारा के लोगों को बैठाना चाहते हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री पंगु हैं, वे कुछ नहीं कर सकते। वहीं मोहन भागवत कहते हैं राम मंदिर बना तो देश आजाद हुआ, भाजपा अपना इतिहास बनाना चाहती है। आज अभिव्यक्ति को लेकर नियम कानून बदले जा रहे हैं।
27 जनवरी की रैली और भविष्य की रणनीति……….
पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने 27 जनवरी को महू में आयोजित होने वाली संविधान रैली के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि यह रैली पूरे साल मध्यप्रदेश में चलने वाली यात्रा की शुरुआत होगी, जो संविधान की रक्षा और भाजपा के भ्रष्टाचार के खिलाफ एक आंदोलन का रूप लेगी। उन्होंने कहा, हर विधानसभा क्षेत्र में एक सीनियर नेता को जिम्मेदारी सौंपी गई है, और बूथ और ग्राम पंचायत स्तर तक कांग्रेस कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे। यह कार्यक्रम 2025 तक चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *