अनैतिक गतिविधियों के संदेह पर की जांच, दस्तावेज के साथ संचालक थाने में तलब
जबलपुर। बिलहरी स्थित रेडिएंस यूनिसेक्स पार्लर में पुलिस अचानक जांच के लिये पहुंची, जिससे आसपास के क्षेत्र में हलचल मच गई। यह कार्रवाई शहर में चल रही अनैतिक गतिविधियों और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की मुहिम का हिस्सा है। पुलिस ने हाल ही में कई मसाज पार्लरों और साइबर कैफे में हो रही अवैध गतिविधियों पर भी छापेमारी की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोराबाजार पुलिस ने बिलहरी स्थित रेडिएंस यूनिसेक्स पार्लर का निरीक्षण किया, जिससे क्षेत्र में हलचल मच गई। पुलिस की रेड के दौरान आसपास के लोगों ने बताया कि पार्लर में दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहता है। पुलिस ने पार्लर संचालक को सभी जरूरी दस्तावेज जांचने के लिए थाना बुलाया है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से पुलिस शहर के मसाज पार्लरों और साइबर कैफे में चल रही अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जो युवा पीढ़ी को नशीले पदार्थों जैसे गांजा और स्मैक मुहैया कराते हैं। इसी कड़ी में गोराबाजार पुलिस ने रेडिएंस यूनिसेक्स पार्लर का निरीक्षण किया।
इससे पहले विजयनगर पुलिस ने आओ स्पा सेंटर पर छापेमारी की थी, जहां गोराबाजार निवासी संदीप सिंह, शांतिनगर निवासी दीवांश बुधवानी और शेखर नायडू को गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों के कमरे से युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया था।
जिले में चल रहा अभियान …
एसपी सम्पत उपाध्याय ने सभी थाना प्रभारियों को अनैतिक गतिविधियों में लिप्त तस्करों और फुटकर विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने गांजा, स्मैक और अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए सख्त योजनाएं तैयार की हैं, और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि तस्करों को जमानत न मिल सके। इसके अलावा, पुराने मामलों में जमानत पर छूटे तस्करों पर भी पुलिस की नजर बनी रहेगी। शहर में अवैध रूप से चलने वाले हुक्का बार और साइबर कैफे पुलिस के निशाने पर हैं। एसपी ने नशा माफिया के खिलाफ त्वरित छापेमारी की योजना बनाई है। गांजा और स्मैक की सप्लाई करने वालों के खिलाफ पुलिस का नेटवर्क भी मजबूत हो चुका है, और तस्करों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

