Spread the love

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा नेताओं के महाकुंभ स्नान पर तंज कसा
महू। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा नेताओं के महाकुंभ स्नान पर तंज कसते हुए कहा कि मैं किसी की आस्था को ठेस नहीं पहुंचाना चाहता, लेकिन गंगा में डुबकी लगाने से गरीबी खत्म नहीं होगी। उन्होने भाजपा और आरएसएस को निशाने पर लते हुए कहा कि आरएसएस-बीजेपी देशद्रोही हैं। वो कहते हैं हर मस्जिद के नीचे शिवलिंग मत ढूंढ़ो लेकिन लोगों को ऐसा करने के लिए उकसाते रहते हैं। धर्म के नाम पर आडम्बर रचकर जनता को मूल मुद्दों से भटकाकर भ्रमित करती है। गरीबी-बेरोजगारी से मुक्ति चाहिए तो संविधान की रक्षा करें।
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे सोमवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जन्मस्थ‍िली महू (अम्बेडकर नगर) में जय-बापू, जय भीम, जय संविधान रैली को सम्बोध‍ित कर रहे थे। कांग्रेस की इस बड़ी रैली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखवीर सिंह सुक्खू , जयराम रमेश, केसी वेणुगोपल, दिग्व‍िजय सिंह व कमलनाथ, म.प्र. कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी व मप्र विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस मौके पर बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम की छोटी बहन और कांशीराम फाउंडेशन की चेयरपर्सन श्रीमती स्वर्ण कौर ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर उन्हें आशीर्वाद के साथ ही संविधान को बचाने की लड़ाई में समर्थन दिया।
रैली को सम्बोध‍ित करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने बाबा साहब अंबेडकर, महात्मा गांधी और नेहरू जैसा बनकर संविधान की रक्षा करने का देश की जनता से आह्वान करते हुये कहा कि, यह रैली संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए है। उन्होंने कहा कि, महू की धरती में बाबा साहेब अंबेडकर का जन्म हुआ था जिन्होंने देश में दलितों और वंचितों को उनके अधिकार दिलाने का काम किया और कांग्रेस भी यही अलख जगाने आई है। अगर हम सब मिलकर हमारे महापुरुषों के आदर्शों पर चलेंगे तो भाजपा की सत्ता हिल जाएगी। इस मौके पर उन्होंने डॉ. अंबेडकर के एक पत्र का हवाला देते हुए कहा कि उनकी हार के पीछे सावरकर और डांगे का हाथ था। खड़गे ने कहा कि, हम सभी को एकजुट होकर इन्हें सबक सिखाना होगा। बाबा साहब अंबेडकर वह व्यक्ति हैं जिन्होंने दलितों और पिछड़ों को उनका हक दिलाने की पूरी कोशिश की। अगर एक व्यक्ति यह सब कर सकता है तो हम सब मिलकर अंबेडकर क्यों नहीं बन सकते? अगर ऐसा होता है तो बीजेपी की सत्ता पूरी तरह हिल जाएगी।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुये उन्होंने कहा कि यह यात्रा उन्होंने लोगों को जोड़ने के लिए और संविधान को बचाने के लिए की है। उन्होंने इस दौरान ने भारत के इतिहास में संविधान में पिछड़ों और दलितों के कल्याण को लेकर बाबा साहब अंबेडकर और जवाहरलाल नेहरू द्वारा किए गए प्रयासों का भी जिक्र किया। भीमराव अंबेडकर ने हमेशा समाज में समानता लाने का प्रयास किया। इसके लिए कई कानून भी बनाए गए और ऐसा करने में उनकी मदद महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू ने की है। यही कारण बना कि बाबा साहब अंबेडकर संविधान सभा के अध्यक्ष बन सके और देश को ये संविधान दिया।
खड़गे ने कहा कि आप एक नहीं होंगे तो आपको मंदिर में प्रवेश नहीं मिलेगा, आपको घोड़ी पर बारात ले जाने के लिए अनुमति नहीं होगी। उन्होंने मध्यप्रदेश के सीधी में हुए पेशाब कांड का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी उन्होंने निशाना साधा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *