
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया है। पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जनता के लिए 15 गारंटियां दीं। इन गारंटियों में रोजगार, महिला सम्मान, मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं, और यमुना सफाई जैसे बड़े वादे शामिल हैं।
आप पार्टी की 15 गारंटियाओं में हर युवा को रोजगार देने का वादा, हर महिला के खाते में 2100 रुपये मासिक, 60 वर्ष से ऊपर बुजुर्गों को मुफ्त इलाज, पानी के गलत बिल माफ, 24 घंटे पानी की सप्लाई, यूरोप जैसी होगी दिल्ली की सड़कें, यमुना नदी की सफाई। इसके अलावा दलित वर्ग के बच्चों के विदेश में पढ़ाई का खर्च सरकार उठाएगी। मुफ्त बस यात्रा और मेट्रो किराए में छात्रों के लिए छूट की योजना का ऐलान। वहीं पुजारियों और ग्रंथियों को 18,000 रुपये मासिक दिया जाएगा। किरायेदारों को भी मुफ्त बिजली और पानी की सुविधा मिलेगी। दिल्ली के सभी इलाकों में सीवर की समस्याओं का समाधान। ऑटो, टैक्सी, और ई-रिक्शा चालकों को बेटी की शादी के लिए एक लाख रुपये व बच्चों को फ्री कोचिंग की बात घोषणा पत्र में कही गई है। आरडब्ल्यूए (रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) को निजी सिक्योरिटी गार्ड रखने के लिए फंड मिलेगा। आप सरकार की पुरानी योजनाएं भी जारी रहेगी। इस मौके पर केजरीवाल ने माना कि 2020 में किए गए तीन वादे (24 घंटे साफ पानी की आपूर्ति, यमुना सफाई और यूरोप जैसी सड़कें) पूरे नहीं हो सके। उन्होंने इसकी वजह महामारी और केंद्र सरकार द्वारा उनकी टीम के नेताओं को निशाना बनाए जाने को बताया गया।
उन्होंने दावा किया कि अगले पांच साल में ये तीन काम पूरे कर दिए जाएंगे। वहीं केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में सीवर ओवरफ्लो की समस्या राजनीतिक साजिश का नतीजा है। उन्होंने दावा किया कि सीवर लाइनों में सीमेंट के कट्टे और बोल्डर जानबूझकर डाले गए। आप सरकार ने अगले 15 दिन में सीवर दुरुस्त करने और डेढ़ साल में पुरानी लाइनों को बदलने का वादा किया।
बीजेपी पर निशाना
इस मौके पर केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी की सरकार बनने पर मुफ्त सुविधाएं और योजनाएं खत्म करने की बात कही। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अपने अधिकार और सुविधाओं को बचाने के लिए आप को समर्थन दें।
