
वन अपराध प्रकरण किया दर्ज, मामले को लिया कार्यवाही में
बालाघाट। कान्हा नेशनल पार्क के मुक्की वन परिक्षेत्र में एक मादा बाघ का शव मिला है। मृत मादा बाघ की उम्र करीब 2 वर्ष बताई गई है। सूचना मिलते ही कान्हा नेशनल पाक्र प्रबंधन वन्य जीव विशेषज्ञ चिकित्सक मौके पर पहुंचे। पंचनामा कार्रवाई की। शव का अंतिम संस्कार भी किया। वन अपराध का प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
क्षेत्र संचालक कान्हा टाइगर रिजर्व रविन्द्र मणि त्रिपाठी ने बताया कि वन भूमि कक्ष क्रमांक 189 बीट परसाटोला, वृत मुक्की वनपरिक्षेत्र मुक्की के अंतर्गत मादा बाघ की मृत्यु का प्रकरण सामने आया है। जिस पर एनटीसीए नई दिल्ली और कार्यालय मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक मध्यप्रदेश भोपाल से जारी दिशा निर्देश अनुरूप त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना स्थल को सुरक्षित किया गया। डॉग स्कावड की सहायता से घटना स्थल और उसके आस-पास छानबीन की गई। उन्होंने बताया कि बाघ का पोस्टमार्टम विशेषज्ञ वन्यजीव चिकित्सक डॉ. संदीप अग्रवाल कान्हा टाइगर रिजर्व मण्डला, डॉ. पीके ज्योतषी सेवा निवृत पशु चिकित्सक एवं डॉ राकेश वारेस्वा पशु चिकित्सक के द्वारा किया गया है। जिसमेें वन्यजीव मादा बाघ के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाये गये। निर्धारित प्रक्रिया अनुसार शवदाह, भस्मीकरण की कार्यवाही की गई। उन्होंने बताया कि प्रकरण में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही जारी है।
