Spread the love

14 फरवरी तक कर सकेंगे नॉमिनेशन, तीन कैटेगरी में मिलेंगे 16 अवार्ड
भोपाल । केंद्र सरकार ने प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर और अन्य लोकसेवकों से पीएम एक्सीलेंस अवॉर्ड के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह अवॉर्ड तीन कैटेगरी में दिए जाएंगे और कुल 16 अवॉड्र्स दिए जाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 14 फरवरी रखी गई है। कलेक्टर और अन्य अधिकारी इस अवॉर्ड के लिए अपने नवाचार के साथ-साथ केंद्र सरकार की 11 अलग-अलग योजनाओं में किए गए बेस्ट परफॉर्मेंस के बारे में जानकारी देंगे।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत पांच बेस्ट परफॉर्मिंग जिलों को चुना जाएगा। इसके लिए 1 अप्रैल 2022 से 31 दिसम्बर 2024 तक के कार्यों को स्वीकार किया जाएगा। डिपार्टमेंट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव रिफॉम्र्स एंड ग्रीवेंस की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि अवॉर्ड के चयन में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण माना जाएगा। इसके साथ ही कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में करप्शन कंट्रोल, क्वालिटी मेंटेनेंस, गवर्नेंस और अन्य संबंधित मापदंडों को परखा जाएगा। इस अवॉर्ड के अंतर्गत ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र और 20 लाख रुपए का इंसेंटिव दिया जाएगा, जो जिलों और संगठनों को प्रोजेक्ट्स और प्रोग्राम्स को और सफल बनाने के लिए मिलेगा।
एस्पिरेशन ब्लाक्स प्रोग्राम (आकांक्षी विकासखंड विकास कार्यक्रम) के अंतर्गत 9 जनवरी 2023 को केंद्र सरकार ने कार्य शुरू किया था। इस कार्यक्रम में 329 जिलों के 500 ब्लॉक्स में कार्य किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य इन क्षेत्रों में लोगों की जीवनचर्या में बदलाव लाना और उनके जीवन स्तर को सुधारना है। इन ब्लॉक्स में शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, पोषण, सोशल डेवलपमेंट और बेसिक इन्फ्रास्ट्रक्चर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों के आधार पर विकासखंडों की रैंकिंग की जा रही है। इसके अलावा, बेस्ट परफॉर्मिंग एस्पिरेशन ब्लॉक्स के लिए 5 अवॉर्ड दिए जाएंगे, जिनका चयन विकासखंडों के कार्यों के प्रदर्शन को देखते हुए किया जाएगा। साथ ही इनोवेशन कैटेगरी के लिए 6 अवाड्र्स भी प्रदान किए जाएंगे। यह पुरस्कार उन विकासखंडों को दिए जाएंगे जो केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और अपने इलाके में जीवन स्तर में सुधार लाने में सफल होंगे।
इनोवेशन कैटेगरी में रोल मॉडल होंगे
इनोवेशन कैटेगरी के अंतर्गत केंद्र सरकार ने यह तय किया है कि नेशनल, स्टेट और डिस्ट्रिक्ट स्तर पर अलग-अलग पुरस्कार दिए जाएंगे। निर्देशों के अनुसार, इनोवेशन की श्रेणी में सबसे अधिक प्रविष्टियां आती हैं, जिसको देखते हुए केंद्र सरकार ने यह निर्णय लिया है कि केवल मॉडल प्रस्तावों को ही पुरस्कार के लिए चुना जाएगा। इनोवेशन कैटेगरी में शामिल किए जाने वाले सभी प्रस्तावों को रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा, जिनका उद्देश्य दूसरों के लिए एक आदर्श बनना और अन्य क्षेत्रों में लागू किया जा सकना चाहिए। इस श्रेणी में इनोवेशन के लिए केवल प्रभावी और सृजनात्मक उपायों को ही ध्यान में रखा जाएगा, जो जनकल्याण और प्रशासन में सुधार के लिए महत्वपूर्ण हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *