Spread the love

बालाघाट। किरनापुर थाना पुलिस ने तस्करों पर शिकंजा कसा है। चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 लाख 30 हजार रुपए मूल्य के 26 मवेशियों को बरामद किया है। गिरफ्तार तस्करों में भालवा निवासी मनीष ठाकरे उम्र 31 वर्ष, अभिराज पांचे उम्र 37 वर्ष, अरूण कुमार बोरकर उम्र 33 वर्ष और ग्राम खपराझरी निवासी ईश्वरी पंद्रे उम्र 27 वर्ष शामिल है। तस्करों के खिलाफ धारा 4, 6, 9 मप्र गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम- 2004, 11 पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम-1960 के तहत अपराध दर्ज कर मामला कार्रवाई में लिया है।
किरनापुर थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 फरवरी को ग्राम भालवा से महाराष्ट्र राज्य की ओर गौ वंश तस्करी किए जाने की मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक छत्रपाल सिंह बैस व स्टाफ ने नाकाबंदी की। इस दौरान प्रभावी कार्यवाही करते हुए 4 तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं तस्करों के पास से 26 नग गौवंशों को मुक्त कराया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक छत्रपाल सिंह बैस, सउनि फूलचंद गजभिए, आरक्षक राघवेन्द्र ठाकुर, शेर सिंह, सैनिक यशवंत गभने का योगदान रहा।
पुलिस ने बताया कि गौवंश व अन्य मवेशियों की तस्करी को रोकने के लिए तस्करों के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जा रही है। एसपी नगेन्द्र सिंह ने भी तस्करी रोकने और तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। इसी निर्देश के पालन में एएसपी बालाघाट विजय डावर, एएसपी बैहर केएल बंजारे, एसडीओपी लांजी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्ग दर्शन में थाना किरनापुर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *