
पारधी गिरोह पर वन विभाग की नजर
जबलपुर। जबलपुर वन परिक्षेत्र पिपरिया बीट में रानी दुर्गावती समाधि स्थल के पास एक तेंदुए का शिकार किया गया और बाद में वन विभाग के अमले के पहुंचने से पहले शिकारियों ने तेंदुए की लाश को मंडला की बॉर्डर पर फेंक दिया था| घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और जांच पड़ताल की| घटना स्थल और उसके आसपास डॉग स्कावयड को लेकर छानबीन की| वन विभाग को जानकारी मिली है कि इस शिकार में पारधी गिरोह होने की संभावना है| वन मंडलाधिकारी ऋषि मिश्रा ने बताया कि तेंदुए का पोस्टमार्टम वन्य जीव विशेषक चिकित्सको देवेंद्र पघोड़े और डॉ. अमोल रोकडे के द्वारा किया गया| प्रारंभिक पंचनामा के दौरान वन्य जीव तेंदुए के पिछले पैर के दो पंजे कटे हुए मिले| शेष अंग सुरक्षित पाए गए| निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तेंदुआ का शव दाह (भस्मीकरण) की कार्रवाई वन संरक्षक मध्यवन वृत्त जबलपुर कमल अरोड़ा, वन मंडला अधिकारी सामान्य वन मंडल ऋषि मिश्रा, उप वनमंडलाअधिकारी प्रदीप श्रीवास्तव और अपूर्व प्रखर शर्मा परिक्षेत्र अधिकारी तथा मनीष कुलश्रेष्ठ वन्य प्राणी विशेषज्ञ की उपस्थिति में की गई| सभी प्रक्रिया की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की गई| वन अपराध दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रहीहै| इधर सूत्रों का कहना है कि मंडला बार्डर के पास और छत्तीसगढ़ बार्डर के पास पारधी गिरोह ने अपने ठिकाने बनाए है जो वन्य प्राणी के मूवमेंट मिलते ही शिकार करके फरार हो जाते हैं| पारधी गिरोह की तलाश में वन्य विभाग की टीमें लगी हुई हैं पुलिस की भी मदद ली जा रही है साथ ही वन विभाग की टीम लगातार मूवमेंट कर रही है| मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है| चारों तरफ से सूचनाओं को संकलन किया जा रहा है| उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही शिकारी वन विभाग के शिकंजे में होंगे|
