
भोपाल। टीटी नगर पुलिस ने दो ऐसे आरोपियो को गिरफ्तार किया है, जो लोन की किस्त भरने के लिये गुमठियो पर धावा बोलकर माल चोरी कर लेते थे। थाना प्रभारी सुधीर कुमार अरजरिया ने जानकारी देते हुए बताया की बीती 9 फरवरी 2025 को नेहरू नगर थाना कमलानगर निवासी देवेन्द्र राजपूत पिता भगवत सिंह राजपूत (36) ने ग्वालियर पान गुमठी सहित हेमंत सांची पार्लर गुमठी, सेंकेंड स्टाप, तुलसी नगर से सिगरेट व नगदी चोरी किये जाने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अज्ञात आरोपियो के खिलाफ मामला कायम कर घटना स्थल के आसपास लगे करीब 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरो के फुटेज खंगालने पर पुलिस को चोरी करते हुए दो संदिग्ध युवक नजर आये। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने फुटेज मे नजर आ रहे हुलिये के दो सदिंग्धो को इलाके में ही घूमते हुए हिरासत में ले लिया। पुलिसिया अंदाज में हुई पूछताछ में आरोपियो ने खुलासा किया की उन्होने ही सेकेंड स्टाप में गुमठी में चोरी की थी। इसके साथ ही करीब एक साल पहले भी जवाहरचौक स्थित सिगरेट गुटखा की दो दुकानो में भी चोरी करने का खुलासा किया। आरोपियो की पहचान मनस्वी गव्हाडे उर्फ अक्की उर्फ चाकलेट पिता दिनेश गव्हाडे (20) और आनंद मीणा उर्फ गोलू उर्फ धतूरा पिता रामबाबू मीणा (21) दोनो निवासी तुलसी नगर के रुप में हुई। दोनो आरोपियो के पास से 39 और 23 हजार रुपये के कीमती मोबाइल फोन मिले। आरोपियो ने बताया कि यह फोन उन्होनें किश्तो पर खरीदे थे, लेकिन करीब तीन महीनो से वह दोनो मोबाईल की ईएमआई जमा नही कर पा रहे थे। और इस महीने भी ईएमआई जमा नहीं करते तो फायनेंसर उनके मोबाईल वापस ले लेता। इसी कारण उन्होनें योजना बनाकर ऐसा माल चोरी करने का प्लान बनाया जिसे बजार में फौरन बेचने पर नगद रकम मिल जाये और वो अपने-अपने मोबाइल की ईएमआई भर सके। लेकिन माल बेचने से पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया, आरोपियो के पास से चोरी किया गया 50 हजार का माल जप्त किया गया है। पुलिस ने बताया की पकडे गये आरोपियो में शामिल मनस्वी की माँ उसके पिता की हत्या के मामले में जैल में बंद है ।
