
गुना | शहर में कुख्यात पारदी गिरोह के बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मोहर सिंह पारदी और उसके साथियों की तलाश में जुटी पुलिस ने अब सार्वजनिक स्थानों पर उनके वांछित होने के पोस्टर चस्पा करने शुरू कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, मोहर सिंह और उसके गिरोह के सदस्यों ने हाल ही में एक युवक को बंधक बनाकर उसे अमानवीय यातनाएं दी थीं। इस घटना की शिकायत मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 85/25 के तहत धारा 115(2), 118(1), 351(3), 140, 3(5) बीएनएस और आईटी एक्ट की धारा 67 में प्रकरण दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए संभागीय अधिकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसी बीच, धरनावदा इलाके में सात थानों की पुलिस टीम पर अज्ञात बदमाशों द्वारा फायरिंग भी की गई, जिससे पुलिस सतर्क हो गई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
पुलिस ने मोहर सिंह पारदी, मिथुन पारदी और नरेन्द्र पारदी को पकडऩे के लिए 30 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। इसी के तहत, शहर और ग्रामीण इलाकों में सार्वजनिक स्थानों पर उनके वॉन्टेड पोस्टर लगाए जा रहे हैं। पोस्टरों में इन बदमाशों की सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखने का आश्वासन दिया गया है और साथ ही आरोपियों को आश्रय देने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पोस्टर लगते ही यह मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया है।
