
3 दिन से यह उम्मीद कर रही थी कि पति सो रहे है
जबलपुर। गोराबाजार क्षेत्र में एक चौकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला तीन दिन तक अपने मृत पति के साथ इस उम्मीद में रही कि वह सो रहे हैं। घटना का खुलासा रविवार देर रात हुआ, जब मृतक के छोटे भाई ने घर पहुंचकर इस हृदयविदारक सच का पता लगाया।
गोराबाजार पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार गोराबाजार थाना क्षेत्र स्थित कृष्णा होम्स निवासी 55 वर्षीय रमेश कुमार वाल्मीक अपनी पत्नी ललिता के साथ रहते थे। रमेश कैंट बोर्ड में सफाई कर्मचारी के रूप में काम करते थे और पिछले कुछ सालों से हार्ट की बीमारी से भी पीड़ित थे। 13 फरवरी को वह काम से घर लौटे थे, और बिस्तर में लेट गए। इसके बाद वह बिस्तर से उठे नहीं, लेकिन उनकी पत्नी ललिता ने यह समझा कि वह सो रहे हैं।
रमेश के छोटे भाई सोम वाल्मीक, जो गोराबाजार में रहते हैं, अपने भाई से एक-दो दिन से संपर्क नहीं कर पाए थे, जिससे वह चिंतित हो गए। सोम ने सोचा कि शायद कोई परेशानी हो सकती है, इस कारण वह अपने भाई से मिलने के लिए उनके घर पहुंचे। जब उन्होंने ललिता से पूछा कि रमेश ड्यूटी पर क्यों नहीं गए और फोन क्यों बंद है, तो ललिता ने जवाब दिया कि वह तो सो रहे हैं।
ललिता ने यह भी कहा कि उसने एक-दो बार उन्हें जगाने की कोशिश की थी, लेकिन वह नहीं उठे। इसके बाद सोम कमरे में गए और जब उन्होंने रमेश को उठाने की कोशिश की, तो यह पाया कि वह मृत हो चुके थे। मृतक के शरीर की हालत भी बिगड़ने लगी थी और शव सड़ने लगा था।
पुलिस को सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि रमेश की पत्नी मानसिक रूप से बीमार हैं और इस कारण वह अपने पति की मौत को समझ नहीं पाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा।
रमेश कुमार के दो छोटे भाई हैं, जो गोराबाजार में रहते हैं, और उनका कोई संतान नहीं था। वह अक्सर काम से पहले अपने भाइयों से बातचीत करते थे, लेकिन अब तक के जांच में यह पता चला कि वह 13 फरवरी के बाद से अपनी पत्नी के साथ घर में ही थे।
