

छिन्दवाड़ा ! और मणिपुर राज्य की पूर्व राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उईके से गत दिवस छिन्दवाड़ा जिले के चांदामेटा नगर के निवासी एवं वर्तमान में बैतूल जिले के कोयलांचल सारनी में निवासरत आदिवासी समाज के गायक, लेखक और अभिनेता श्री ओम प्रधान ने भेंट की और उन्हें अपने विभिन्न कार्यो के साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पर आधारित फिल्म “जंगल सत्याग्रह” की जानकारी दी। उन्होंने इस फिल्म को सेंसर बोर्ड से पास कराने और टैक्स फ्री कराकर रिलीज कराने एवं छिन्दवाडा में फिल्म का प्रीमियर शो दिखाने की अपेक्षा की । पूर्व राज्यपाल सुश्री उईके ने श्री प्रधान द्वारा आदिवासी समाज के प्रतिनिधि के रूप में कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किये जाने पर इस कार्य को समाज के लिए एक गौरवपूर्ण कार्य निरुपित करते हुए हर संभव मदद के लिए आश्वस्त किया । साथ ही इस कार्य में सहयोग के लिए केन्द्रीय जनजातीय मंत्री श्री दुर्गा प्रसाद उइके से मोबाइल पर चर्चा भी की । केन्द्रीय जनजातीय मंत्री श्री दुर्गा प्रसाद उइके ने मोबाइल पर ही श्री प्रधान की फिल्म के प्रसारण के सम्बंध में हर संभव सहयोग का आश्वासन देते हुए श्री प्रधान को प्रत्यक्ष रूप से मिलने के लिए भी समय दिया । श्री प्रधान की धर्मपत्नी भी लोक गायिका के रूप में प्रसिद्ध है । पूर्व राज्यपाल सुश्री उईके ने श्री प्रधान और उनकी धर्मपत्नी का कलाकार के रूप में शाल ओढ़ाकर स्वागत भी किया ।
