
खरगोन। कक्षा 12वीं कक्षा के बाद अब हाईस्कूल की परीक्षाएं भी हिंदी के पर्चे से शुरु हुई। कक्षा 10 वीं की परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने जिले में 95 केंद्र बनाए है। इन केंद्रों पर सुबह 9 से 12 बजे तक परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा देकर केंद्र से बाहर आए परीक्षार्थियों के चेहरे पर पेपर अच्छा होने की खुशी साफ नजर आई। परीक्षार्थियों ने बताया कि हिंदी का पेपर बहुत सरल था। प्रश्नपत्र में पूछे गए सभी प्रश्न आसान थे। सुबह के समय पेपर को लेकर मन में घबराहट थी, लेकिन पेपर देखकर घबराहट दूर हो गई। जिस तरीके से उन्होंने बोर्ड परीक्षा की तैयारी की थी, उसी अनुसार पेपर आया। जिला शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र कुमार कानूडे एवं परीक्षा कंट्रोल रूम प्रभारी हबीब बेग मिर्जा ने बताया कि कक्षा 10वीं बोर्ड की परीक्षा में हिंदी विषय की परीक्षा में कुल दर्ज 18636 विद्यार्थियों में से 18050 सम्मिलित हुए तथा 586 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। जिसमें नियमित विद्यार्थी के रूप में दर्ज 16667 विद्यार्थियों में से 16294 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी तथा 373 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार से स्वाध्यायी विद्यार्थी के रूप में कूल 1969 विद्यार्थियों में से 1756 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी तथा 213 अनुपस्थित है।
अंदड़ केंद्र पर परीक्षार्थियों पर कि पुष्पवर्षा, खिलाई चॉकलेट
पहली बार बोर्ड परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों के तनाव को कम करने के लिए हाई स्कूल अंदड़ में अनूठा प्रयोग किया गया। यहां परीक्षा देने पहुंचे परिक्षार्थियों का स्वागत पुष्पवर्षा एवं चॉकलेट खिलाकर किया गया। प्राचार्य गिरिराज शर्मा ने बताया कि विद्यार्थी परीक्षा तनावमुक्त होकर दे सके, इसलिए उन पर पुष्पवर्षा कर चॉकलेट दी गई। विद्यालय में दर्ज 106 परीक्षार्थियों में से 105 विद्यार्थी उपस्थित रहे तथा 01 छात्र अनुपस्थित रहा।
