
जबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने पनागर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 140 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। पनागर में उन्होंने 80.32 करोड़ की लागत से पनागर पुराना एनएच 7 मार्ग का फोरलेन चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा 8.31 करोड़ की लागत से परियट नदी पर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण एवं गांधीग्राम एनएच 7 के छूटे हुए भाग का चौड़ीकरण का भूमिपूजन किया।
पनागर विधानसभा क्षेत्र में आज विकास की सौगात देते हुए उन्होंने ग्राम खैरी में 44.46 करोड़ की लागत से इंद्रा पिपरिया, खैरी, घुघरी खरहरघाट मार्ग तथा गौर नदी पर पुल का निर्माण एवं 4.45 करोड़ की लागत से पड़वार-पड़रिया मार्ग निर्माण का भूमिपूजन किया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा गोंटिया,जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, रानू तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप पटेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रीना जैन, कांति सैनी, हर्ष तिवारी,नगर मंडल अध्यक्ष सर्व शैलेंद्र साहू,विजय सिंह ठाकुर,प्रदीप पटेल,लखन देवानी,संतोष साहू,राजमणि सिंह बघेल सहित बड़ी तादात में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
ग्राम पड़वार में दी विकास कार्यों की सौगात –
मंत्री सिंह ने ग्राम पड़वार में विकास कार्यों की सौगात देते हुए बरेला से पड़वार और पड़वार से सलैया मार्ग का भूमिपूजन भी किया। पड़वार से सलैया मार्ग में एक पुल भी है जो सड़क निर्माण के साथ-साथ पूरा होगा। जिससे आम जन को सहूलियत होगी।
खैरी में जन-सभा को किया संबोधित …
विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मंत्री सिंह ने पनागर विधानसभा के ग्राम खैरी पहुंचकर विकास कार्यों का भूमिपूजन कर सौगात दी। इस दौरान उन्होंने केन्द्र व प्रदेश सरकार के विकासवादी सोच के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि अब विकास संबंधी सभी कार्य तेजी से हो रहे हैं, जबकि पहले छोटी-छोटी सड़कों के लिए लोग परेशान हुआ करते थे। क्षेत्र में रिंग रोड बनने से बहुत परिवर्तन आया है। साढ़े चार हजार करोड़ के रिंग रोड से क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है। साथ ही सरकार की कई कल्याणकारी योजनाएं घर-घर में समृद्धि लेकर पहुंच रही है। प्रधानमंत्री आवास व आयुष्मान योजना आम जन के कल्याण के लिए मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। उन्होंने सड़कों के विस्तार के लिए भूमिपूजन करते हुए कहा कि सड़कें क्षेत्र में निश्चित ही समृद्धि लेकर आयेंगी और विकास की धारा हर आदमी के दरवाजे पर पहुंचेगी। आने वाले समय में भी विकास के कार्य होते रहेंगे। इस दौरान विधायक सुशील तिवारी इंदु ने भी आम जन को संबोधित करते हुए विकास कार्यों की जानकारी दी।
