
बालाघाट। बोर्ड कक्षा दसवीं की परीक्षा 27 फरवरी से प्रारंभ हो गई। पहले दिन 27 फरवरी को विद्यार्थियों ने हिंदी विषय का पर्चा हल किया। परीक्षा के लिए जिले में 133 केंद्र बनाए गए है। पहले दिन किसी भी प्रकार का कोई भी नकल प्रकरण नहीं बना। गुरुवार को 22166 विद्यार्थियों अपने-अपने विषय का पर्चा हल किया।
जानकारी के अनुसार कक्षा दसवीं में 22615 नियमित व स्वाध्यायी विद्यार्थी दर्ज है। 27 फरवरी को 22166 विद्यार्थियों ने पर्चा हल किया। जबकि 449 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। परीक्षा सुबह 9 से 12 बजे के मध्य संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण किया। वहां की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बोर्ड परीक्षा के चलते संवेदनशील केंद्र भी चिन्हित किए गए हैं। बालाघाट शहर मुख्यालय में एमजीएम स्कूल, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट और एमएलबी स्कूल बालाघाट शामिल है। इन परीक्षा केंद्रों में नकल को रोकने या फिर अन्य प्रकार की अनुचित गतिविधियों पर अंकुश लगाए जाने के लिए जैमर भी लगाए गए थे।
माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल के निर्देश पर कलेक्टर मृणाल मीना ने प्रशासनिक और शिक्षा विभाग से उडऩदस्ता दल का गठन किया था। जिसमें एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार को शामिल किया गया था। वहीं शिक्षा विभाग की ओर से संयुक्त संचालक, डीपीआई, सहायक संचालक और जिला शिक्षा अधिकारी ने नकल को रोकने के लिए केंद्रों का निरीक्षण किया। हालांकि, पहले दिन किसी भी प्रकार का कोई भी नकल प्रकरण नहीं बना।
