नामांतरण और अवैध कब्जा हटाने मांगी… मालथौन एसडीएम कार्यालय में ईओडब्ल्यू टीम ने दबोचा

बीना । सागर ईओडब्ल्यू टीम ने मालथौन एसडीएम कार्यालय के सहायक रीडर वेदनारायण यादव को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। महेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने ईओडब्ल्यू में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सहायक रीडर लंबित नामांतरण और अवैध कब्जा हटाने के मामलों के निपटारे के लिए रिश्वत मांग रहा था। शिकायत के सत्यापन के बाद ईओडब्ल्यू ने कार्रवाई की योजना बनाई।
टीम के निर्देश पर महेंद्र श्रीवास्तव ने सहायक रीडर से संपर्क किया। रीडर ने उन्हें कार्यालय में बुलाया। जैसे ही श्रीवास्तव ने रिश्वत की राशि दी, ईओडब्ल्यू टीम ने दबिश दी। आरोपी के पास से रिश्वत की राशि बरामद की गई। केमिकल टेस्ट में उसके हाथ गुलाबी रंग के हो गए। ईओडब्ल्यू ने आरोपी सहायक रीडर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।इस कार्रवाई में डीएसपी उमा नवल आर्य, एस धामी, निरीक्षक प्रशांत मिश्रा, संजय बेदिया, मोमेंद्र मर्सकोले और उप निरीक्षक सोनल पांडेय सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
