जिला पंचायत सदस्य समेत 4 लोगों पर अपहरण का आरोप

हरदा। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष विष्णु नागवेल के साथ बेरहमी से मारपीट और अपहरण का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, कांग्रेस नेता और जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीनारायण ठाकुर समेत चार लोगों ने उन्हें पीटा है। पीड़ित के बेटे ब्रजेश नागवेल की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। विष्णु नागवेल ने बताया कि आरोपी उन्हें कार में उठाकर ग्राम बेडी स्थित फार्म हाउस ले गए। वहां करीब तीन घंटे तक उन्हें बंधक बनाकर बेल्ट, लाठी और जूतों से पिटाई की। नागवेल के अनुसार, लक्ष्मीनारायण ठाकुर पर पहले हंडिया थाने में एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था। ठाकुर को शक था कि यह मामला नागवेल के कहने पर दर्ज कराया गया था। मारपीट के बाद आरोपियों ने नागवेल के बेटे को फोन कर बुलाया। जब बेटा बेडी पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी। सिविल लाइन थाना प्रभारी संतोष सिंह चौहान ने बताया कि लक्ष्मीनारायण ठाकुर, खुमान सिंह, नितिन ठाकुर और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य तीन की तलाश जारी है।
