किसानों के लिए सौगात-2600 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं खरीदेगी सरकार
सागर दमोह रोड को फोर लाइन बनाया जाएगा :
मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मैं रहूँ या ना रहूँ, यह रहस मेला चलता रहेगा : विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री भार्गव
विवेक साहू

गढाकोटा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गढ़ाकोटा में तीन दिवसीय रहस मेले में आयोजित किसान सम्मेलन में कहा कि बुन्देलखण्ड वीरों की धरती है। वीरों के बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता।उन्होंने किसानों के लिए बड़ी सौगात देते हुए कहा कि सरकार अब किसान भाईयों से 2600 रुपए प्रति क्विंटल के मान से गेहूं खरीदेगी। उन्होंने घोषणा की कि सागर दमोह रोड को फोर लाइन बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के द्वारा सीमा पर जवान और खेत पर किसान को सम्मान देने का कार्य किया जा रहा है। किसान की आय दोगुनी करने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ वर्षों में बुंदेलखंड की जमीन सिंचित होगी। कोई भी किसान अपनी 1 इंच जमीन भी न बेचे, उन्हें उनकी जमीन का पूरा लाभ मिलेगा और उनकी कृषि समृद्ध होगी।



मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री गोपाल भार्गव के काम बोलते हैं और काम के बल पर ही आज वो लगातार 9 बार से अपराजेय राजनेता बने हुए हैं। मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश में बहनों को सरकारी नौकरी में 35 प्रतिशत आरक्षण देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जहां सरकार बहनों को आगे बढ़ने का कार्य कर रही है वहीं श्री गोपाल भार्गव के द्वारा 21000 से अधिक बेटियों की शादी कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया है। उन्होंने कहा कि अभी तक मैंने नौ रस ही देखे थे आज मैंने 10वां रस भी देख लिया। इस रहस मेला के आनंद में जो 10वां रस मिला है वह अद्भुद है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार इस वर्ष किसान भाइयों का गेहूं 2600 रुपए प्रति क्ंिवटल खरीदेगी और अगले वर्ष यह बढा़कर 2700 रुपए प्रति क्ंिवटल खरीदने का मैं वादा करता हूं। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार चावल पर 2000रुपए प्रति हेक्टेयर बोनस दिया जाएगा। इसी प्रकार दूध का उत्पादन करने वालों को भी बोनस प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेई की योजना नदी जोड़ो अभियान के अंतर्गत केन बेतबा-लिंक परियोजना के माध्यम से बुंदेलखंड को लाभान्वित करने का कार्य किया जा रहा है। अब शीघ्र ही बुंदेलखंड की सुनार नदी को नर्मदा नदी से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इसी प्रकार महाराष्ट्र सरकार से मिलकर भी नदी जोड़ो अभियान प्रारंभ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने फूड इंडस्ट्रीज लगाने वालों को सरकार 40 प्रतिशत सब्सिडी देगी। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा युवाओं का देश है जहां करोड़ों युवा निवास करते है। मध्य प्रदेश सरकार के द्वारा संचालित सभी योजनाएं जारी रहेंगी। जिसमें लाडली बहना योजना, मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना आदि शामिल हैं। यह मेरा संकल्प है कि सागर का संपूर्ण विकास हो, इसके लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

कृषि मंत्री श्री ऐंदल सिंह कंसाना ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव किसानों के हित के लिए लगातार कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगनी करने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं।

दमोह सांसद श्री राहुल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लिए लगातार नवाचार कर रही है। विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने कहा यह रहस मेला 220 वर्ष पुराना मेंला है। 1990 में तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री सुंदरलाल पटवा ने कहा था इस मेले को और आगे बढ़ाएं। हमने उन्हें मेले का पूरा इतिहास बताया, तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री पटवा ने मेले को और समृद्ध बनाने के लिए निर्देशित किया था। विधायक श्री गोपाल भार्गव ने कहा विलुप्त हो रहे मेलों को आगे बढ़ने का कार्य सरकारी कर रही है। मध्यप्रदेश सरकार ने रहस मेला को भव्य और दिव्य बनाने के लिए लगातार कार्य किया है। विधायक श्री गोपाल भार्गव ने कहा कि मैं रहूँ या न रहूँ यह रहस मेला हमेशा चलता रहेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री गोपाल भार्गव के द्वारा जो मांग पत्र रखा गया उसे सहर्ष स्वीकार करते हुए कहा कि सागर से दमोह तक फोर लाइन बनाई जाएगी इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 2600 रुपए एवं इसे भविष्य में बढ़ाकर 2700 रुपए किया जाएगा साथ ही किसान भाइयों को धान पर प्रति हेक्टेयर 2000 रुपए बोनस भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंच से पांच हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ भी वितरित किया! मेला अध्यक्ष श्री अभिषेक दीपू भार्गव ने स्वागत भाषण देते हुए मेला के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। अभिषेक भार्गव दीपू ने माना।
