Spread the love

लुकाछिपी के बीच हुआ हनुमान चौराहे पर पुतला दहन, तत्काल फायर बिग्रेड से छिडक़ा पानी
गुना | मध्य प्रदेश के पंचायत मंत्री के विवादास्पद बयान को लेकर सियासत गर्म हो गई है। बयान को लेकर विपक्षी कांग्रेस पूरी तरह हमलावर हो गई है और गुना सहित प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में गुरूवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर मंत्री का पुतला जलाकर विरोध जताया। दरअसल हाल ही में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मंत्री प्रहलाद पटेल ने एक टिप्पणी की थी, जिसे कांग्रेस ने जनता का अपमान करार दिया। इस बयान के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रणनीति बनाकर सरकार को घेरने का फैसला किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं को अनदेखा कर रही है और अब अपमानजनक टिप्पणियां कर रही है।
विरोध प्रदर्शन के तहत हनुमान चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। दोपहर में हनुमान चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए, जहां पुतला जलाने की योजना बनाई गई। प्रशासन पहले से सतर्क था और भारी पुलिस बल के साथ फायर ब्रिगेड की तैनाती की गई थी, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया था।
लुका-छिपी के बीच जला पुतला
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच दिलचस्प लुका-छिपी देखने को मिली। प्रशासन पुतला जलाने से रोकने के लिए पूरी तरह मुस्तैद था, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चतुराई से पुतले को छिपाकर रखा था। जब प्रशासन की नजरें इधर-उधर हुईं, तभी अचानक कार्यकर्ताओं ने पुतले को बाहर निकाला और आग के हवाले कर दिया। जब तक पुलिस और दमकल टीम कुछ कर पाती, तब तक पुतला धू-धू कर जल चुका था। प्रदर्शन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़, संगठन मंत्री विश्वनाथ तिवारी, पंकज कनेरिया समेत कई कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस प्रवक्ता धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि यह आंदोलन सिर्फ शुरुआत है और आगामी 8 मार्च को जिला मुख्यालय पर धरना देकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर मंत्री अपने बयान पर माफी नहीं मांगते तो प्रदेशभर में और उग्र आंदोलन किए जाएंगे। वहीं, भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के इस आंदोलन को महज सियासी स्टंट बताया है। अब देखना होगा कि यह विवाद और कितना आगे बढ़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *