Spread the love


बालाघाट, महाराष्ट्र राज्य में चोरी की घटना को दिया था अंजाम
बालाघाट। कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है। जबकि पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 6 लाख रुपए मूल्य की 9 बाइक को जब्त किया है। आरोपियों ने बालाघाट शहर के अलावा महाराष्ट्र राज्य में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि बालाघाट शहर व आसपास के क्षेत्र में हो रही बाइक चोरी के वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी नगेंद्र सिंह ने निर्देश दिए थे। जिसके चलते एएसपी विजय डाबर और सीएसपी वैशाली कराहलिया के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले के नेतृत्व में पृथक-पृथक टीम बनाकर जांच प्रारंभ की गई। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। मुखबिर की सूचना पर एक अपचारी बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जिसने अपने साथी इमरान खान के साथ रैकी कर वार्ड क्रमांक 21 रामगली बालाघाट से बुलेट चोरी करने की बात स्वीकार की। इसी प्रकार आरोपी अतुल बिसेन से पूछताछ करने पर उसने बालाघाट शहर और गोंदिया महाराष्ट्र राज्य में अलग-अलग स्थानों से पांच बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अपचारी बालक के अलावा इमरान खान पिता पप्पू रसीद खान उम्र 18 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 24 इंदिरा नगर बालाघाट, अतुल पिता श्यामलाल बिसेन उम्र 25 वर्ष निवासी थाना नवेगांव बालाघाट, आर्यन पिता राजेश पाठक उम्र 20 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 24 सुरभि नगर बालाघाट, सागर पिता स्व. रामकुमार जांगडे उम्र 19 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 23 दीनदयाल पुरम बालाघाट और विकास पिता भास्कर रामटेके उम्र 25 वर्ष निवासी मोहगांवघाट थाना तिरोड़ी बालाघाट को गिरफ्तार किया गया है।

महंगे शौक पूरा करने के लिए करते थे चोरी
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में जानकारी दी कि वे अपने महंगे शौक को पूरा करने के लिए चोरी करते थे। घटना को अंजाम देने से पहले रैकी करते थे। सूनसान स्थान व समय देखकर बाइक का लॉक तोड़ देते थे। इसके बाद उक्त वाहनों को सस्ते दामों में ग्रामीणों को बेच देते थे। इसके एवज में उन्हें जो राशि मिलती थी उससे महंगे शौक, कपड़े, मोबाइल सहित अन्य में खर्च करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *