
घमापुर में हत्या, जिले भर में दर्जनों चाकूबाजी की वारदातें
जबलपुर। जबलपुर में होली के रंगों के साथ खून के छींटे भी उड़े, होली की रात जहां घमापुर थाना क्षेत्र के सिध्दबाबा इलाके में 8-10 हुड़दंगियों ने मिलकर एक युवक की चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी. वहीं कोतवाली में मामा भांजे पर चाकू से वार किया गया. इसी तरह गोहलपुर अधारताल सिहोरा केन्ट खमरिया सहित अन्य थाना क्षेत्रों में दर्जनों चाकूबाजी की घटनाएं हुईं. पुलिस की तमाम सख्तियों के बावजूद हुड़दंगियों पर लगाम नहीं लग सकी.
घमापुर क्षेत्र में युवक की हत्या…..
घमुपार थाना अंतर्गत सिध्दबाबा वार्ड में होली के रंग बार बार घर के सामने फेंकना समझाईश देना एक युवक को महंगा पड़ गया. आठ-दस हुड़दंगियों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी. घमापुर पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार
सिद्धबाबा क्षेत्र निवासी रामगोपाल कुशवाहा व उसके परिजनों सहित रिश्तेदारों ने दिनभर रंग खेला. इसके बाद रात को रामगोपाल घर के आंगन को पानी डालकर साफ कर रहा था. लगभग सफाई हो चुकी थी, इस दौरान सड़क से गुजरे 8-10 हुड़दंगियों ने फिर रंग फेक दिया. इस बात को लेकर रामगोपाल ने लड़कों को समझाइश देने की कोशिश की, जिसपर लड़के भड़क गए और रामगोपाल के साथ मारपीट कर दी, इतने में एक ने चाकू निकालकर रामगोपाल पर हमला कर दिया. रामगोपाल पर हमला होते देख परिजनों में चीख पुकार मच गई, शोर सुनकर आसपास के लोग घरों से निकल आए. जिन्हे देख हमलावर भाग निकले. रामगोपाल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया.
जहां पर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल अस्पताल रेफर किया. मेडिकल में दूसरे दिन इलाज के दौरान रामगोपाल की मौत हो गई. पुलिस ने मामले की जांच की तो नीतेश अहिरवार, अनुज बेन उर्फ पीयूष, समीर हदयात, अनिकेत चौबे और क्रिश राजपूत के नाम सामने आए हैं. पुलिस ने आरोपी नितेश अहिरवार उम्र 21 वर्ष, अनिकेत चैबे उम्र 18 वर्ष दोनों निवासी चाचा किराना के सामने सिद्धबाबा घमापुर तथा तीन 16-17 नाबालिग बालकों को गिरफ्तार कर लिया है.
चेरीताल में मामा-भान्जा पर चाकू से वार…
कोतवाली थाना अंतर्गत दुर्गाई मोहल्ला में कोतवाली क्षेत्र में बहन को छोड़ने आए भाई और उसके भांजे पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे मामला भांजे दोनों घायल हो गये. कोतवाली पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार आईटी आई चुंगी चौकी निवासी ई रिक्शा चालक अमन चौधरी अपनी बहन को छोड़ने चेरीताल दुर्गाई मोहल्ला आया था, यहां निशांत शर्मा, दीपक विश्वकर्मा व अन्य ने गाली गलौच करते हुये अमन चौधरी पर चाकू से हमला किया. उनके मामा आकाश चौधरी बीच बचाव करने आए तो मामा आकाश पर भी चाकू से हमला कर दिया और अमन के पिता केदार को धक्का देकर गिरा दिया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
खमरिया में हत्या का प्रयास..
इसी प्रकार खमरिया थाना अंतर्गत ग्राम रिठौरी कलां निवासी 24 वर्षीय हर्ष कोल अपने छोटे भाई गौरव 18 वर्ष के साथ वर्धाघाट रिश्तेदार के घर से होली में टीका लगवाकर लौट रहा था. वर्धाघाट पीपल के पेड़ के पास अन्ना नामक युवक ने रोककर पुरानी रंजिश पर गाली गलौज शुरु कर दी. गौरव ने विरोध किया तो अन्ना ने चाकू निकालकर हत्या के इरादे से उसपर हमला कर दिया. हमले में गंभीर चोटें आने के कारण गौरव को जिला अस्पताल में भरती कराया गया. खमरिया पुलिस ने हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर आरोपी विष्णु दाहिया उर्फ अन्ना को गिरफ्ततार कर लिया.
घर में घुसकर जानलेवा हमला…
इसी तरह अधारताल थाना अंतर्गत कटरा मोहल्ला में पुरानी रंजिश को लेकर कृ ष्णा पटेल के घर में घुसकर राज केवट व पप्पू रैकवार ने चाकू से हमला कर दिया. हमले में कृष्णा के पिता अशोक पटेल को गंभीर चोटें आई. कृष्णा ने बीच बचाव किया तो उसके साथ भी मारपीट की. अधारताल पुलिस ने बताया कि धारा 109 के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है.
भतीजे को फरसा मारा…
जिले के ग्रामीण क्षेत्र सिहोरा थाना अंतर्गत ग्राम मढ़ई पथरोई निवासी राजमिस्त्री धर्मेन्द्र चौधरी ने धुरेड़ी के दूसरे दिन बच्चे रंग खेल रहे थे. जिन्हे देख धर्मेन्द्र ने मना किया. शोर सुनकर उसके चाचा सुरेश चौधरी आ गया उसने बच्चों को डांटने से मना किया. इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. गुस्साए सुरेश चौधरी ने फरसा निकालकर भतीजे धमेन्द्र पर हमला कर दिया. हमले में धमेन्द्र के सिर पर गंभीर चोटें आई.
केन्ट में चाकूबाजी, 3 घायल…
केन्ट थाना अंतर्गत गली नम्बर 22 में मोबाईल की दुकान चलाने वाले विजय उर्फ सोनू श्रीवास्तव की दुकान पर होलिका दहन की रात को एक व्यक्ति पहुंचा और रेलवे टिकट बुक कराने के लिए कहा. सोनू ने कहा कि दुकान बंद रहेगी. इस बात पर उक्त व्यक्ति विवाद करने लगा. विवाद इतना बढ़ते देख वहीं पर खड़े रीतेश तिवारी ने गाली बकने से मना किया. उक्त व्यक्ति चला गया, कुछ पल बाद लौट कर आया तो रीतेश पर चाकू से हमला कर दिया. रीतेश पर हमला होते देख सोनू व पुरुषोत्तम ने बीच बचाव किया तो उनपर भी हमला कर दिया. पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर प्रकरण दर्ज कर लिया.
घर के बाहर बुलाकर तलवार मारी..
अधारताल थाना अंतर्गत संजय नगर में के संजय नगर में घर से बुलाकर युवक पर तलवार से हमला किया गया. अधारताल पुलिस के मुताबिक लकी रजक होली के दिन घर में था. तभी संजयनगर दुर्गा चौक निवासी अभिषेक उर्फ कंजड़ घर के सामने आया और लकी को आवाज देकर बुलाया. लकी के बाहर आने पर अभिषेक ने शराब पीने रुपयों की मांग की. मना करने पर तलवार से हमला कर दिया. हमले में लकी के हाथ में चोट आ गई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
चंडाल भाटा में तलवार बाजी…..
गोहलपुर थाना अंतर्गत चंडालभाटा क्षेत्र में किराना दुकान में सामान लेने गये कक्षा दसवीं में पढ़ने वाले छात्र सूर्या मलिक पर दो बदमाशों ने गाली गलौच कर तलवार से हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक सूर्या घर का सामान लेने के लिए किराना दुकान गया. यहां पर पहले से खड़े साहिल कोल एवं विकास कोल गाली गलोज करने लगे. सूर्या ने मना किया तो तलवार से हमला कर दिया. हमले में सूर्या के सिर में गंभीर चोटें आई. गोहलपुर पुलिस ने घायल को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिया.
