





पूर्व राज्यपाल सुश्री उइके का शाल,श्रीफल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया गया सार्वजनिक अभिनंदन
छिंदवाड़ा :– छत्तीसगढ़ एवं मणिपुर की पूर्व राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने कहा कि मानवीय संवेदना के साथ जो व्यक्ति शोषित, पीड़ित,गरीब और जरूरतमंद की मदद करता है, उनकी समस्याओं का समाधान करता है, उसे समाज और राष्ट्र से सम्मान मिलता है एवं जिलेवासी तथा आप सभी वरिष्ठजनों के स्नेह एवं आशीर्वाद से मैंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पीड़ितो, गरीबों और शोषितों की मदद किया है । आपका यह स्नेह एवं आशीर्वाद सदैव बना रहे। मैं अपने जीवन के अंतिम क्षणों तक समाज एवं राष्ट्र की सेवा करती रहूंगी। पूर्व राज्यपाल सुश्री उइके आज नागरिक सुविधा केंद्र छिंदवाड़ा में वरिष्ठ नागरिक महामंच द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस और रंग पंचमी के परिपेक्ष्य में आयोजित महिला सम्मान समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थी.। कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल सुश्री उइके का शाल,श्रीफल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका सम्मान किया गया तथा पुष्पगुच्छ ओर पुष्पमालाओ से भी आत्मीय स्वागत किया गया।
पूर्व राज्यपाल सुश्री उइके ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक महामंच का कार्य बहुत अच्छा है| सभी वरिष्ठ नागरिको की अनुभव का लाभ भावी पीढ़ी को मिलना चाहिए| आप लोग वर्तमान आधुनिक टेक्नोलॉजी के युग में भावी पीढ़ी में अच्छे संस्कार और आचार विचार पैदा करने के लिए कार्य करें। एक दूसरे की मदद करे और एक दूसरे के परिवार के बच्चों को शिक्षा देकर और उन्हें अच्छे विचारों से समृद्ध करें। उन्होंने सभी नागरिकों के अच्छे स्वास्थ्य ओर दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि सबसे बड़ी चीज है लोगों को आत्म संतुष्टि और आनंद मिलना चाहिए। इस दिशा में वरिष्ठ नागरिकों की भूमिका महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के अंदर काम करने की इच्छा और मदद करने की भावना होना चाहिए। इसी भावना के कारण मैं छत्तीसगढ़ राज्य के राजभवन को जनभवन में परिणित कर सकी इसी प्रकार मणिपुर राज्य में भी लोगों की मदद करने पर वहां के आम जनों ने मुझे मदर की उपाधि से विभूषित किया है उन्होंने सभी को शुभकामना देते हुए लोगों की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक महामंच के संस्थापक श्री जयशंकर शुक्ला, अध्यक्ष श्री त्रिलोकी नाथ मिश्रा और उपाध्यक्ष सुश्री कमला डेहरिया ने भी अपने विचार व्यक्त किये| कार्यक्रम में सभी ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर रंग पंचमी का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव श्री अशोक मिश्रा ने और आभार प्रदर्शन तहसील इकाई सचिव श्री प्रभाकर ठाकरे ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक महामंच के सभी पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
