पत्रकार के साथ अभद्रता का मामला; जिला खनिज अधिकारी पर कार्रवाई की मांग
सागर। जिला प्रशासन और पुलिस के खिलाफ मंगलवार को सागर बंद का आह्वान किया गया। जिसमें शहर के कई संगठन शामिल हुए। वे खनिज अधिकारी पर एफआईआर दर्ज करने, गोपालगंज थाना प्रभारी को हटाने समेत चार सूत्रीए मांगों को लेकर विरोध कर रहे थे। सुबह से सागर का मुख्य बाजार बंद रहा। संगठन के सदस्य समेत पत्रकार सड़कों पर निकले। उन्होंने व्यापारियों से समर्थन में दुकानें बंद करने की अपील की। जिसके बाद लोगों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। दरअसल, 5 मार्च को खबर के संबंध में शहर के एक पत्रकार जिला खनिज अधिकारी के कार्यालय पहुंचे थे। जहां उनसे बातचीत की। इसी दौरान खनिज अधिकारी ने पत्रकार का मोबाइल छीनकर अभद्रता की थी। मामले में खनिज अधिकारी ने गोपालगंज थाने में दो पत्रकारों के खिलाफ शासकीय कार्य में बांधा का प्रकरण दर्ज कराया था। इसके बाद पत्रकार थाने शिकायत करने पहुंचे तो सुनवाई नहीं हुई। तभी से मामले का विरोध चल रहा है। चक्काजाम, ज्ञापन के बाद मंगलवार को सागर बंद का आह्वान किया गया।बंद को शिवनेसा, भीम आर्मी, आम आदमी पार्टी, साहू समाज, रजक समाज समेत बड़ी संख्या में संगठनों और समाजों ने समर्थन दिया। सुबह से संगठन के लोग पत्रकारों के साथ सड़कों पर निकले। जिला प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान तीनबत्ती, कटरा बाजार, राधा तिराहा, सराफा बाजार समेत अन्य स्थानों पर दुकानें बंद रही। पूरे शहर में बंद का मिलाजुला असर रहा। हालांकि मंगलवार को सागर में बाजार का अवकाश का दिन होता है। जिस कारण आधा बाजार बंद रहता है। बंद को देखते हुए शहर में पुलिस बल तैनात रहा। बंद के बाद दोपहर बाद बाजार खुल गया।
