
पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति का कत्ल किया और शिमला घूमने चले गए , हत्यारोपी मुस्कान और उसका प्रेमी साहिल गिरफ्तार
मेरठ। ब्रह्मपुरी के इंदिरानगर में 15 दिन पहले महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और लाश के टुकड़े कर प्लास्टिक के ड्रम में डाल दिए। ऊपर से पूरे ड्रम में सीमेंट-डस्ट का घोल बनाकर भर दिया। इसके बाद पत्नी और उसका प्रेमी शिमला घूमने चले गए। शिमला से लौटने पर अपराध बोध का शिकार होकर महिला ने अपनी मां को हत्या की जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। ड्रम में सौरभ की लाश सीमेंट में इस तरह जम गई थी कि उसे निकालने में घंटों लग गए। पुलिस और डॉक्टरों ने कुछ एक्सपर्ट की मदद से सीमेंट में जमे हुए सौरभ की लाश के टुकड़ों को किसी तरह देर रात अलग किया।पुलिस अधिकारियों के माने तो चाकू से सीने पर दिल पर ही सीधे वार किया गया था, जिसके कारण सौरभ की मौत हुई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर शाम के समय ही छानबीन शुरू की थी। इस दौरान पुलिस को बेडरूम में खून के निशान मिले थे। घर की तलाशी लेने के बाद खून से सनी हुई चादर भी बरामद हो गई। माना जा रहा है कि इस चादर पर सौरभ का ही खून लगा हुआ है।
सीने में चाकू घोंपा, सिर काटा फिर लाश के किए टुकड़े
सौरभ को खबर तक नहीं थी कि जिस मुस्कान को वो दिलोजान से प्यार करता है, वो उसके कत्ल की प्लानिंग कर बैठी है। मुस्कान ने सौरभ को दवा देकर बेहोश कर दिया और फिर प्रेमी साहिल के साथ मिलकर उसके सीने में चाकू से कई वार किए। हत्या करने के बाद उसका सिर काटा और लाश के टुकड़े कर डाले। करीब दो साल पहले मुस्कान के प्रेम प्रसंग का पता लगने पर सौरभ और मुस्कान में विवाद हुआ था और बात तलाक तक पहुंच गई। बाद में दोनों परिवारों ने समझौता करा दिया। मेरठ के एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया कि मुस्कान नामक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की। इसके बाद लाश को प्लास्टिक ड्रम में डालकर ऊपर से सीमेंट का घोल डाल दिया। फिलहाल ड्रम बरामद कर लिया है और लाश को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों हत्यारोपी मुस्कान और उसका प्रेमी साहिल गिरफ्तार किए गए हैं।
