
गुना | यातायात पुलिस द्वारा हनुमान चौराहे पर वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान एक लोडिंग वाहन में 15 सवारियों को ले जाते हुए पाया गया, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके अलावा चार ट्रैक्टर, जो ओवरलोडेड ईंटों से भरे थे, उन्हें भी रोका गया और मोटरयान अधिनियम के तहत दंडित किया गया। एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल, जिसका साइलेंसर मॉडिफाइड कर तेज गोली की आवाज निकालने वाला बनाया गया था, उसका साइलेंसर जब्त कर चालानी कार्रवाई की गई। इस पूरी चेकिंग के दौरान कुल 18 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 30,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यातायात प्रभारी ने वाहन चालकों और नागरिकों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग केवल कृषि कार्यों के लिए किया जाना चाहिए, इसे व्यवसायिक कार्यों में लगाना नियम विरुद्ध है। इसके अलावा, मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर गोली जैसी आवाज निकालना न केवल आम जनता बल्कि महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए भी खतरनाक है। लोडिंग वाहनों में यात्रियों को भरकर ले जाना जोखिम भरा होता है और इससे गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस प्रकार की लापरवाही न करें।
