
भोपाल। राजधानी भोपाल की क्राइम ब्रांच टीम ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करने वाले जिला बदर बदमाश सहित एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी उड़ीसा से सस्तें दामों में खरीदकर भोपाल में महंगे दामों में खपाते थे। आरोपियों से करीब 6.50 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत चार लाख रुपए बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से उनके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। अफसरों ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि यस बैंक के सामने ग्राउंड एमपी नगर जोन 1 में एक युवक और महिला बैठे है। वह किसी ग्राहक को गांजा बेचने की फिराक में है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। संदेहियो के पास मिला ग्रे रंग का ट्रॉली बैग के बारे में पूछा तो स्वयं का होना बताया। तलाशी लेने पर 6 पैकेट गांजा मिला। आरोपियों की पहचान मोहम्मद अनस उर्फ दाना (32) आरिफ नगर और कामना यादव उर्फ खुशी (22) कृष्णपुरा वार्ड टिकारी मौहल्ला बैतूल के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से 6 किलो 550 ग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह गांजा उड़ीसा से खरीदकर लाते है और फिर भोपाल में तस्करी करते है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल उनके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश अनस उर्फ दाना गौतम नगर का निगरानी शुदा बदमाश है। उसके खिलाफ पूर्व में गौतम नगर, टीला, निशतपुरा और हनुमानगंज में करीब 20 अपराध दर्ज है। करीब 8 महीने पहले से वह जिला बदर किया जा चुका है, इसके बावजूद वह जिला बदर का उल्लंघन कर गांजा तस्करी करता पाया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ रासुका की कार्रवाई की है।
