
चोरी का सोना-चांदी इंदौर में बेचा, आरोपी ने जेवरात गलाकर सिल्लियां बना ली
चोर सहित खरीददार गिरफ्तार, लाखो की नगदी सहित 30 लाख का माल बरामद
भोपाल। शहर में लगातार जारी चोरों की धमाचौकड़ी के बीच राजधानी की शाहपुरा थाना पुलिस ने राहत दिलाते हुए बडी सफलता हासिल की है। टीम ने अपने परिवार सहित ओंकारेश्वर यात्रा पर गये किराना व्यवसायी के सूने मकान का ताला चटकाने वाले शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नगदी, सोने-चांदी के जेवरात सहित 30 लाख का माल बरामद किया है।
थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोपाल प्रसाद अग्रवाल पिता हनुमान प्रसाद अग्रवाल (65) ने अपनी शिकायत में बताया की वह किराना कारोबारी है, और परिवार सहित शाहपुरा इलाके में स्थित जय भवानी नगर में रहते है। उनकी रविशंकर शुक्ला मार्केट में दुकान है। वह अपने परिवार के साथ 18 मार्च को घर पर ताला लगाकर ओंकारेश्वर चले गये थे। अगले दिन जब वह वापस लौटे तो उन्हें दरवाजे पर लगा ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर घर के भीतर रखा सामान बिखरा हुआ नजर आया वही अलमारी के लॉकर भी टूटे थे। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर कुछ संदेही चोरी करते नजर आ रहे हैं। शिकायत मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल की एफएसएल जांच के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला कायम कर लिया है। फरियादी ने बताया की बदमाश उनके मकान से सोना-चांदी के जेवरात, नकदी सहित 30 लाख का मामल बटोरकर चंपत हुए है।
*तीन थानों की टीमों ने सुराग जुटाकर तीनों आरोपियों को दबोचा
अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला कायम कर आला अफसरों ने उनकी धरपकड़ के लिये टीआई थाना प्रभारी शाहपुरा, हबीबगंज और रातीबड़ की एक संयुक्त टीम गठित की। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान जुटाने के प्रयास शुरु किये। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सुरागो के आधार पर पुलिस ने दो संदेहियो आशुतोष श्रीवास्तव पिता ओम प्रकाश श्रीवास्तव (33) निवासी शीतल हाईट मिसरोद और जितेन्द्र उर्फ जीतू मीणा पिता मोहन सिंह (30) निवासी सतलापुर मंडीदीप रायसेन को घेराबंदी कर हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।
दोनो ने खुलासा किया की उन्होनें ही किराना व्यवसायी के मकान पर रात के समय धावा बोलते हुए घर के मेन गेट के ताले को कुंदे सहित तोड़कर करीब 8 लाख की नगदी, 30 तोला सोने-चांदे के जेवरात चोरी किये थे। चोरी किये गये जेवरात उन्होंने श्री कृष्ण कालोनी माया किराना स्टोर के पास धार रोड थाना छत्रीपुरा इंदौर में रहने वाले धर्मेन्द्र उर्फ मनीष प्रजापति पिता ओम प्रकाश प्रजापति (33) को बेचे है, और कुछ नगदी व सोने के जेवरात फ्लैट में छिपाकर रखे है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने फ्लैट से नगदी, कुछ जेवरात सहित वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन जप्त कर दिया। इसके बाद इंदौर पहुंचकर आरोपी धर्मेन्द्र उर्फ मनीष प्रजापति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने खुलासा किया की उसने आरोपी आशुतोष श्रीवास्तव से चोरी का माल खरीदा था, लेकिन उसे गला कर उनकी सिल्ली बना ली है। पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र के पास से गले हुये सोने की 3 और चांदी की एक सिल्ली जप्त करते हुए उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से 6 लाख 83 हजार की नगदी, 5 जोड़ी सोने के टॉप्स, सोने की चेन, सोने की अंगूठी, गले हुये सोने की करीब 194 ग्राम और 650 ग्राम की सिल्ली, चांदी की सिली के साथ ही आरोपियों की एक्टिवा जप्त की है। पुलिस पकड़े गये बदमाशों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ ही उनसे अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।
