
ठेकेदार के कर्मचारियों पर डराने धमकाने का लगाया आरोप
जबलपुर। जाकिर हुसैन वार्ड में स्मार्ट मीटर लगाने के बाद ठेकेदार व उनके कर्मचारियों के द्वारा डरा धमकाकर गरीब उपभोक्ताओं से रुपयों की अवैध वसूली की जा रही है। उक्ताशय का एक ज्ञापन कार्यवाही हेतु मुस्लिम विकास परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. मुईन अंसारी, पठान समाज के सरदार हाजी मुईन खान, आरिफ खान, फैजान कुरैशी, एड. अय्यूब अंसारी के नेतृत्व में बिजली विभाग के सीएमडी के नाम अधीक्षण यंत्री शहर को सौपा गया। ज्ञापन की प्रति मुख्यमंत्री व कलेक्टर को भी प्रेषित की गई। ज्ञापन में कहा गया कि बिजली कंपनी के ठेकेदार और क्षेत्र के जन प्रतिनिधि की साठगांठ से प्रतिदिन गरीबों से लाखों रुपए की अवैध वसूली की जा रही है। प्रायः उपभोक्ताओ द्वारा स्वेच्छा से स्मार्ट मीटर बदलवा रहे हैं। मीटर बदलते ही इनके द्वारा कहा जाता है कि पुराने मीटर से छेड़छाड़ की गई है और बिजली की चोरी की है उसका प्रकरण दर्ज होगा, आपके मीटर की जांच होगी तो लगभग 50 से 70 हजार रुपये लग जायंगे, और आपके घर की बिजली बंद कर दी जाएगी। इस तरह से डरा धमका कर उनसे 5, 10 अथवा 15 हजार रुपये वसूल रहे हैं। पुराना मीटर सही होने के बावजूद भी डरा कर अवैध वसूली की जा रही हैं। जांच कर दोषी ठेकेदार व उसके कर्मचारियों पर कार्यवाही की मांग की गई हैं। ज्ञापन देते समय मुस्लिम विकास परिषद के रम्भल विश्वकर्मा, मामूर गुड्डू, एड.रियाज, इस्तियाक अंसारी, इरफान कुरैशी, जावेद मिर्जा, गुलाम साबरी, एड. अकबर उस्मानी, शाहिद कुरैशी, तारिक कुरैशी, अशरफ कुरैशी, लियाकत जावेद, मुज्जफर कुरैशी, साजिद काजी, अहमद रज़ा, इस्लाम अली आदि उपस्थित रहे|
