
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में प्रशासनिक अव्यवस्था और परीक्षा संबंधी गंभीर अनियमितताओं के खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के प्रदेश सचिव अभिषेक पटेल के नेतृत्व मे मंगलवार को उग्र प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ता कुलपति कक्ष में घुस गए, उनके चेहरे पर काली पट्टी बंधी थी और हाथों में आईना था—यह स्पष्ट संकेत था कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपनी आँखें, कान और मुँह बंद कर लिए हैं। वे न तो छात्रों की समस्याएँ देखना चाहते हैं, न उनकी आवाज़ सुनना चाहते हैं और न ही कोई समाधान के लिए मुँह खोलना चाहते हैं! छात्रों ने कुलगुरु कार्यालय में प्रवेश किया तो हड़कंप मच गया।
प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ गौतम ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर घोर लापरवाही और मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि यह संस्थान, जो छात्रों के भविष्य को संवारने के लिए उत्तरदायी है, वही उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। विश्वविद्यालय में हाल ही में हुई परीक्षा संबंधी विसंगतियों और अन्य प्रशासनिक गड़बड़ियों ने छात्रों को भारी मानसिक तनाव में डाल दिया है।
प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ गौतम, प्रदेश सचिव अभिषेक पटेल, राहुल रजक ,अनुज यादव, अभिषेक दाहिया,हर्ष, पवन,अनुज पटेल, आशु,मयंक तिवारी, सौभित खरे,साहिल केवट सहित भारी संख्या मे छात्र उपस्थित थे।
