Spread the love

बरगी बांध की सुरम्य वादियों में झील महोत्सव कल से
जबलपुर। मंडला मार्ग पर स्थित समाधि रोड से आगे बरगी बांध के पहाडिय़ों व द्वीपों से घिरे नर्मदा तट पर होने जा रहे झील महोत्सव की तैयारी पूर्णता की ओर है। पांच अप्रैल से आरंभ हो रहा झील महोत्सव में जल, थल और नभ पर साहसिक गतिविधियां देखने मिलेंगी, वहीं शाम को सुरों की सरिता बहेगी। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड और जबलपुर पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (जेएटीसीसी) का यह आयोजन 20 अप्रैल तक चलेगा। झील महोत्सव में बरगी बांध की अथाह जलराशि में जहां मोटर बोट और अन्य राइड का पर्यटक आनंद उठाएंगे, वहीं पानी के बाहर ग्राउंड एक्टिविटीज के अंतर्गत पैरामोटरिंग का रोमांच भी होगा। मोटर बोट दौडाने वाले विशेषज्ञों का दल आयोजन स्थल पहुंच गया है। साहसिक खेल सतपुडा स्पोर्टस क्लब के ट्रेनर कराएंगे। पर्यटकों के रुकने के लिए टेंट सिटी बनाने की तैयारी पूर्णता की ओर है। पर्यटकों के लिए स्विस टेंट में रुकने की व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल पर लगने वाले डोम के अंदर फूड जोन के साथ विभिन्न उत्पादों के स्टाल यहां पहुंचने वाले लोगों के लिए मनोरंजन में बढोतरी करेंगे। समाधि रोड से आगे बरबटी से एकलव्य हास्टल से आगे नर्मदा के इस सुरम्य तट तक पहुंचा जा सकता है। जेएटीसीसी के सीईओ हेमंत सिंह ने बताया कि महोत्सव में वाटर स्पोर्टस की वह सभी राइड देखने मिलेंगी जो समुद्र तटीय महानगरों में देखने मिलती हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में होने वाले साहसिक खेलों का आनंद अब यहाँ उठाया जा सकता है। पर्यटन प्रबंधक तरुण मिश्र ने बताया कि यह वाटर कार्नीवाल जबलपुर को पर्यटन के नक्शे में और चमकाएगा। झील महोत्सव में राजस्थानी कलाकार प्रस्तुति देंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम नृत्य नाटिका के माध्यम से मां नर्मदा की स्तुति के साथ आरंभ होंगे। झील महोत्सव में शिवनारायण का समूह चकरी घूमर चरी, कालबेलिया जैसे राजस्थानी लोक नृत्य की प्रस्तुति देगा। मंच पर जबलपुर के कलाकारों की भी प्रस्तुतियां होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *