Spread the love

आतिशी ने बीजेपी को घेरा, स्कूलों से सांठ-गांठ का लगाया आरोप
नई दिल्ली। दिल्ली में हाल ही में स्कूल फीस बढ़ोतरी को लेकर राजनीतिक तेज हो गई है। विपक्ष की नेता आतिशी ने आरोप लगाया कि बीजेपी निजी स्कूलों को सालाना 10 फीसदी फीस बढ़ाने का अनियंत्रित अधिकार देने की मंशा रखती है। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद के कार्यालय ने दावों का खंडन किया।
आतिशी ने कहा कि दिल्ली में अभिभावक इस बात से घबराए हुए हैं कि निजी स्कूलों ने अपनी फीस में काफी वृद्धि कर दी है। कई स्कूलों ने फीस में 30,40,50 और 60 फीसदी की वृद्धि की है और कुछ मामलों में तो 80 फीसदी तक की वृद्धि की है। बीजेपी पर निजी संस्थानों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल को शिक्षा मंत्री आशीष सूद के घर पर शीर्ष निजी स्कूल मालिकों के साथ एक बैठक हुई। इस बैठक में स्कूलों को आश्वासन दिया गया था कि फीस बढ़ोतरी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी और बीजेपी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार जल्द ही एक आदेश जारी करेगी, जिसमें निजी स्कूलों को सालाना 10 फीसदी फीस बढ़ाने की अनुमति होगी। दिल्ली में बेलगाम फीस बढ़ने का कारण है प्राइवेट स्कूलों और बीजेपी की सांठगांठ।
वहीं, आतिशी ने एक्स पर लिखा कि इस साठ-गाठ के सूत्रधार हैं भरत अरोड़ा। ये प्राइवेट स्कूलों की संस्था के चेयरमैन हैं और सालों से फीस की बढ़ोतरी के लिए लड़ते आए हैं। यह बीजेपी के पदाधिकारी हैं और सीएम रेखा गुप्ता के चुनाव प्रचार में प्रमुखता से शामिल थे। आतिशी ने कहा कि उन्होंने सीएम रेखा गुप्ता को पत्र लिख कर तुरंत प्रभाव से बढ़ी फीस रोकने की मांग की है। साथ ही भारत अरोड़ा के अनुचित प्रभाव की जांच की भी मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *