Spread the love

पुलिस ने दर्जनो कैमरे चैक कर 24 घंटों में उज्जैन से 65 किमी दूर से किया दस्तयाब
भोपाल। टीटी नगर इलाके में स्थित बाणगंगा में रहने वाले एक पिता ने अपनी पत्नी को सबक सिखाने के लिए अपने ही दो नाबालिग बच्चों का अपहरण कर लिया। सूचना मिलने पर तुरंत ही एक्शन में आई पुलिस ने उन्हें उज्जैन से करीब 65 किमी दूर से सकुशल दस्तयाब कर लिया। बताया गया है की पत्नी एक साल से अलग रह रही है। उसका किसी से प्रेम-प्रसंग है, पति उनसे बच्चों को अलग करना चाहता था। मामले में पुलिस ने आरोपी पति और उसके साले को हिरासत में लिया है। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय महिला बाणगंगा, टीटी नगर में रहती है। वह साफ-सफाई का काम करती है। पति प्रहलाद मालवीय से करीब एक साल से अलग रह रही थी। उनके 9 और 11 साल के दो बच्चे हैं। 8 अप्रैल को थाने में महिला ने बच्चों की गुमशुदगी दर्ज करते हुए बताया कि वह अपने काम पर गई थी। दोनों बच्चे घर पर थे। महिला जब काम से लौटी तो दोनों बच्चे घर पर नहीं मिले। आसपास रिश्तेदारों के घरों पर तलाश करने के बाद भी बच्चों का सुराग नहीं लगा। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की चार अलग-अलग टीमें गठित की गईं। बच्चों की दस्तयाबी के लिए पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनाम की घोषणा भी कर दी। पुलिस की टीमों ने घर के आसपास, उसकी ओर से आने-जाने वाले रास्तों पर लगे 130 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल मारे। पूछताछ में पता चला कि महिला कुछ दिन पहले ही यहां रहने आई है। इससे पहले वह अपने मायके सूरज नगर में रह रही थी। करोंद में रहने वाले किसी पप्पी नामक युवक से उसके संबंध हो गए थे। मायके वालों को आपत्ति होने पर वह वहां से बाणंगगा इलाके में रहने आ गई थी। पुलिस ने जब उसे पति से संपंर्क किया तो उसने संदेह व्यक्त किया कि पत्नी के प्रेमी ने ही उसके बच्चों का अपहरण किया है। शक होने पर पुलिस ने उसकी मोबाइल लोकेशन निकाली तो उसकी भोपाल होने की जानकारी मिली। पुलिस ने उज्जैन जाने वाली बस व ट्रेन के मार्गों के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। भोपाल स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 6 पर दोनों बच्चे दो युवकों के साथ दिखाई दिए। फुटेज दिखाने पर महिला ने बताया कि इनमें से एक उसका पति प्रहलाद है, और दूसरा उसका भाई सूरज है। इसके बाद पुलिस ने महिला के भाई और उसके पति को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पति प्रहलाद ने बताया कि तो उन्होंने बताया कि दोनों बच्चों को वह चुपचाप अपने साथ ले आया था। बच्चों को उसने उज्जैन से करीब 65 किमी दूर रहने वाले रिश्तेदार के घर रखा है। पिता प्रहलाद ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी और उसके प्रेमी पप्पी से बदला लेना चाहता था। दोनों बच्चे पूजा से हमेशा के लिए अलग हो जाएं ताकि उसे बेवफाई का सबक मिल सके। इस काम में उसने अपने साले सूरज की मदद ली थी। थाना पुलिस का कहना है, कि दोनों बच्चों को कोर्ट में कथन के लिए विशेष किशोर पुलिस ईकाई में काउंसिलिंग के लिए भेजा गया है। आरोपी सूरज अहिरवार (22), झुग्गी बंजारा बस्ती सूरज नगर थाना रातीबड़, और उज्जैन से आरोपी प्रहलाद मालवीय (32) ग्राम पोस्ट गुंदी कला तहसील जिला आगर मालवा से हिरासत में ले लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *