Spread the love

लैप-टाप मोबाइल से फल फूल रहा कारोबार, हर दिन लगता है करोड़ों का दांव
अशोकनगर। आईपीएल के शुरू होते ही शहर में सट्टेबाजों का नेटवर्क फिर से सक्रिय हो गया है। हर गली-मोहल्ले में इनके गुर्गे घूम रहे हैं और क्रिकेट मैचों पर जमकर सट्टा लगवा रहे हैं। खास बात यह है कि पुलिस और एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की टीम इससे बेखबर नजर आ रही है, जिससे सटोरियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। हर साल आईपीएल के दौरान सट्टेबाज करोड़ों रुपये का खेल करते हैं। यह सट्टा सिर्फ बड़े बुकी ही नहीं बल्कि उनके छोटे-छोटे एजेंटों के जरिए भी चलाया जाता है। बताया जा रहा है कि सटोरियों द्वारा हाइटेक तरीके से बड़े होटल व घरों से लैप-टाप व मोबाइल के माध्यम से सट्टा का कारोबार चलाया जा रहा है। बावजूद इसके पुलिस द्वारा कहीं पर भी जांच कर कार्रवाई करने गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। पुलिस की अनदेखी भारी पड़ रही है। मोबाइल और ऑनलाइन माध्यमों से लोगों को सट्टे में फंसा रहे हैं। आम लोग इनके जाल में फसकर अपने जीवन भर की पुंजी गवा रहे हैं। इसका खुलासा बीते दिनो गुना पुलिस द्वारा की गई एक कार्रवाई में हुआ है। बता दें कि, बीती 6 अप्रैल को गुना पुलिस द्वारा एक बड़ी कार्रवाई की गई थी। जिसके तार अशोकनगर से भी जुड़े हुए पाये गये हैं। बताया जा रहा है कि गुना पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गये आरोपियों का मास्टरमाइंड अशोकनगर शहर का रहने वाला है। जिसे लेकर सर्व समाज के लोगो में प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की गई है।
ऐसे खुला राज:
गुना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नानाखेड़ी क्षेत्र में हाईवे स्थित एक निजी होटल में अशोकनगर के दो लड़के किराए पर कमरा लेकर आईपीएल मैच पर सट्टा खिला रहे हैं। सूचना पर पुलिस की एक टीम होटल पहुंची। कमरे को खुलवाकर देखा, तो दो लड़के टीवी पर मैच देखते और बेड पर पांच मोबाइलों में आईपीएल सट्टे की साइट चलती मिलीं। दोनों लड़कों ने पूछताछ पर अपने नाम चिराग (22) पिता प्रदीप जैन और गौरव (27) पिता आलोक जैन साल निवासी अशोकनगर बताए। उनसे सट्टे के संबंध में पूछने पर उन्होंने अशोकनगर निवासी आईपीएल सट्टा सर्वर आजाद खान और नीरज जैन निवासी चंदेरी, राहुल जैन निवासी चंदेरी, अभिषेक यादव निवासी अशोकनगर, रवि शर्मा निवासी अशोकनगर और एजाज खान निवासी जीनघर गुना के साथ मिलकर गिरोह बनाकर आईपीएल मैचों में सट्टा खिलाना स्वीकार किया। आरोपियों से बरामद मोबाइलों में करीब 24 लाख रुपए का आईपीएल सट्टे का लेखा-जोखा भी गुना पुलिस को मिला है।
सर्व समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी:
सर्व समाज ने आईपीएल सट्टेबाजी और ऑनलाइन बेटिंग के खिलाफ कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रदर्शन किया। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन भी सौंपा। सर्व समाज का आरोप है कि आजाद खान शहर के बीचों बीच रहकर यह अवैध कारोबार चला रहा है। उसके खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस रैकेट से कई युवक आर्थिक रूप से बर्बाद हो चुके हैं। आजाद खान ने इस अवैध धंधे से बड़ी संपत्ति बनाई है। सर्व समाज ने मास्टरमाइंड आजाद खान और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही उनकी संपत्ति जब्त करने की मांग भी की है। प्रशासन को एक सप्ताह का समय दिया गया है। कार्रवाई न होने पर धरना-प्रदर्शन, बाजार बंद और चक्का जाम की चेतावनी दी गई है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर इससे कानून व्यवस्था बिगड़ती है या जनहानि होती है, तो इसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *