
हनुमानताल पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई, आरोपी को भेजा जेल
जबलपुर। सोशल मीडिया पर अमर्यादित टिप्पणी कर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोपी के खिलाफ हनुमानताल पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है| पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के प्रतिवेदन पर जिला दण्डाधिकारी दीपक सक्सेना द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत वारंट जारी किया गया, इसके बाद पुलिस ने आरोपी अब्दुल मजीद को गिरफ्तार कर सेंट्रल जेल भेज दिया|
हनुमानताल थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि सिरसातले गोहलपुर निवासी 36 वर्षीय अब्दुल मजीद ने पिछले दिनों वाट्सएप चैट के माध्यम से हिन्दू देवी देवताओं के खिलाफ अप्रिय, अमर्यादित अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया था| इसके बाद सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई थी| हिन्दू संगठनों ने सराफा में धरना प्रदर्शन किया| मामलें की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण किया और आरोपी पर कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था| यहां उल्लेखनीय है कि अब्दुल मजीद के विरुद्ध पूर्व में भी वर्ष 2024 में धार्मिक भावना आहत करने के आरोप में माढ़ोताल थाना में प्रकरण दर्ज किया जा चुका है। आरोपी के दोहराए गए आपत्तिजनक व्यवहार को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उपाध्याय ने इसे गंभीर प्रकृति का अपराध मानते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा 3 सहपठित धारा 2 के तहत कार्रवाई का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय द्वारा समय-समय पर सोशल मीडिया एवं समाचार पत्रों के माध्यम से प्रचारित एवं प्रसारित भी कराया गया है कि ऐसी कोई भी पोस्ट जिससे साम्प्रदायिक सौहर्द्र बिगड सकता है, ऐसी पोस्ट करने वाले के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जायेगी।
