Spread the love

छेड़छाड की शिकायत वापस लेने के दबाव का लगाया आरोप
खरगोन। शहर सीमा से लगे ग्राम टेमला में संचालित हो रहे सीएम राइल स्कूल के प्राचार्य पर स्कूल के ही दो छात्रों ने जानलेवा हमला कर घायल कर दिया है प्राचार्य ने आरोप लगाया कि पूर्व एवं वर्तमान छात्र के खिलाफ छेड़छाड़ एवं अभद्र व्यवहार की शिकायत की थी, जिसे वापस लेने के दबाव में प्राणघातक हमला कर दिया है। इस हमले की सूचना मिलने पर मप्र शिक्षक संघ के पदाधिकारियों के साथ ही विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने भी घायल प्राचार्य के अस्पताल पहुंचकर हाल जाने और घटना पर नाराजगी दर्ज कराई।
उपचाररत प्राचार्य अशोक सिंह पंवार ने बताया कि गत वर्ष अगस्त और सितंबर माह के दौरान उन्होंने स्कूल के पूर्व छात्र और वर्तमान छात्र के खिलाफ मेनगांव थाने में दो अलग- अलग शिकायत दर्ज कराई थी, जिसका प्रकरण विचाराधीन है। इन मामलों में दोनों छात्र अपने दो दोस्तों के साथ उनसे कार्यालयीन समय में मिलने आए। वे स्टॉफ कक्ष में बैठे थे, दोनों ने शिकायत वापस लेने का दबाव बनाते हुए गाली- गलौच की, जब मौजूद स्टॉफ को वीडियो बनाने के लिए कहा तो दोनों उग्र हो गए और कुछ देर बाहर जाने के बाद दोबारा लौटे और टेबल पर लगे कांच को उठाकर मेरे सिर पर करीब 6 बार वार कर दिया। बार- बार वार करने से कांच फूट गया, उस फूटे कांच से भी मारा।
शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन
प्राचार्य पर हुए हमले की गंभीरता को देखते हुए मप्र शिक्षक संघ, राज्य शिक्षा संघ ने आक्रोश दर्ज कराया है। शाम को कलेक्टर- एसपी कार्यालय पहुंचे पदाधिकारी प्रांतीय उपाध्यक्ष रमेश पाटीदार, प्रांत सह संगठन मंत्री हीरालाल तिरोले जिलाध्यक्ष सुनील भावसार, नरेंद्र चौहान, संतोष पटेल सहित बड़ी संख्या में पहुंचे महिला शिक्षको ने भी घटना की निंदा करते हुए प्राचार्य पर हमला करने वाले लोगों की नामजद शिकायत करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्रकरण दर्ज कर करेंगे कार्रवाई

प्राचार्य से मारपीट का मामला सामने आया है। प्राचार्य को सिर में गंभीर चोंटे आई है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करेंगे।- धर्मराज मीना,एसपी खरगोन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *