Spread the love

गुना । हनुमान जयंती के अवसर पर गुना शहर के कर्नलगंज क्षेत्र में निकाले जा रहे जुलूस पर हुए पथराव की घटना ने शहर में तनाव का माहौल बना दिया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मुख्य आरोपी विक्की पठान, उसके बेटे समीर, शोएब, अनस खान, सोनू, शकील खान, साहिल, अतीक और अन्य शामिल हैं। घटना के बाद, भाजपा पार्षद ओमप्रकाश उर्फ गब्बर कुशवाह की शिकायत पर पुलिस ने धारा 109, 125, 115(2), 190, 191(2), 191(3), 296, 324(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जुलूस के दौरान मस्जिद के पास डीजे वाहन पहुंचने पर विक्की पठान और उसके साथियों ने डीजे बंद कराने के लिए गाली-गलौज और झगड़ा शुरू कर दिया। इसके बाद मस्जिद और आसपास की छतों से अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
फरियादी के अनुसार, विक्की के बेटे आमीन ने रजत ग्वाल नामक युवक पर पिस्टल से गोली चलाई, जो कान के पास से निकल गई और रजत बाल-बाल बच गया। इसके अलावा, गुड्डू खान ने रजत पर लुहांगी से हमला किया, जिससे वह घायल हो गया। हमले में जुलूस में शामिल कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें राजकिशोर, बंटी कुशवाह, अभिषेक धाकड़, विशाल अनोटिया, अनुल अनोटिया, अभिषेक कुशवाह, सुग्रीव सेन, अकुल कुशवाह और पवन कुशवाह शामिल हैं।
बाजारों में अफवाहों का असर, बार-बार बंद और खुलते रहे बाजार
घटना के बाद, रविवार सुबह बाजार में संशय और अफवाह की स्थिति बनी रही। इस दौरान सामान्य दिनों की अपेक्षा बाजार काफी देर से खुला। बार-बार तनाव की अफवाहों के बीच बाजार बंद की स्थिति बनी रही। इसके बाद एएसपी और यातायात प्रभारी ने व्यापारियों से बिना भय और डर के अपने व्यापारिक प्रतिष्ठानों को खोलने की अपील की, जिसके बाद नीचला बाजार, सदर बाजार और लक्ष्मीगंज आदि के बाजार खुल गए।
बुलडोजर की मांग को लेकर करणी सेना और सर्वसमाज का धरना
उधर, कर्नलगंज स्थित मस्जिद और उसके आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा। घटना स्थल पर ऐतिहातिक तौर पर पुलिस बल की मौजूदगी बनी रही। घटना के विरोध में रविवार को करणी सेना और सर्व समाज के लोगों ने एसपी कार्यालय के बाहर धरना दिया और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा, स्थानीय मोहल्ले के निवासी कोतवाली पहुंचे और उनके घरों पर पथराव करने वाले लोगों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने उनके बयान लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मुख्य आरोपी की पत्नी ने बताया विक्की को बेकसूर
मुख्य आरोपी विक्की की गिरफ्तारी के बाद उसकी पत्नी नजमा ने पति को बेकसूर बताया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनके पति और बेटे को पुलिस बेरहमी से पीटते हुए रात को घर से उठा ले गई। उनका कहना है कि विक्की तो दुकान के सामने खड़े थे, लेकिन जब विवाद हुआ तो वह सभी को अंदर जाने को कहकर खुद भी अंदर आ गए थे। लेकिन पुलिस ने गलत तरीके से विक्की और बेटे समीर को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस जब उनके पति और बेटे को लेकर जा रही थी, तो रोकने पर उनके साथ भी मारपीट की गई।
प्लानिंग से किया हमला-भाजपा पार्षद
वहीं, फरियादी भाजपा पार्षद ओमप्रकाश उर्फ गब्बर कुशवाह ने बताया कि वह हर वर्ष की तरह माता मंदिर से जुलूस निकालते हैं। हर बार जुलूस का स्वागत होता है, लेकिन इस बार प्लानिंग के तहत पथराव किया गया। राम नवमीं के दिन भी आरोपियों द्वारा खुलेआम धमकियां दी गई थीं, लेकिन उसके बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। हनुमान जयंती के दिन शाम करीब 7:45 बजे जब डीजे वाहन कर्नलगंज मस्जिद के पास पहुंचा, तभी विक्की पठान नामक व्यक्ति अपने दो-तीन साथियों के साथ आया और डीजे बंद कराने के लिए गालियां देते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। फरियादी के अनुसार, इस विवाद के बीच मस्जिद और आसपास की छतों से अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसके बाद स्थिति और अधिक बिगड़ गई।
स्थिति नियंत्रण में, संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात
गुना में हनुमान जयंती के अवसर पर जुलूस पर हुए पथराव की घटना ने शहर में सांप्रदायिक तनाव को बढ़ा दिया है। पुलिस ने अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया है और जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *