नई दिल्ली। टाइम मैगजीन ने दुनिया के 100 प्रभावशाली लोगों की सूची जारी की है। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके करीबी बिजनेसमैन एलन मस्क को जगह मिली है तो वहीं बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस को भी जगह दी गई है। भारत के किसी व्यक्ति को इस सूची में जगह नहीं मिली है, जो हैरान करने वाली बात है। आमतौर पर हर साल किसी न किसी भारतीय को इसमें जगह जरूर मिलती थी और कई बार तो एक दर्जन तक हस्तियों को जगह दी जाती थी।
बांग्लादेश के नेता मोहम्मद यूनुस को भी इसी कारण से जगह मिली है क्योंकि उन्होंने देश की सत्ता हाल ही में संभाली है और उनके आने के बाद से देश में स्थितियां बदली हैं। लीडर्स की लिस्ट में ब्रिटिश पीएम कीर स्टारमर को जगह मिली है। इसके अलावा नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस भी इसका हिस्सा हैं। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी इसमें शामिल हैं। इस सूची में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के नेता व्लादिमीर पुतिन जैसे दिग्गज भी शामिल नहीं हैं। वहीं फ्रांस, जर्मनी जैसे ताकतवर यूरोपीय देशों के नेताओं को भी जगह नहीं मिली है। इसका कारण यह भी है कि टाइम मैगजीन की प्रभावशाली लोगों की सूची में उन नेताओं को ही शामिल किया जाता है, जो हाल ही में उभऱे हों और उनके आने से कोई बदलाव या प्रभाव पड़ा हो।
टाइम मैगजीन की ओर से जारी 100 लोगों की सूची को भी अलग-अलग कैटिगरीज में बांटा जाता है। ये वर्ग हैं- लीडर्स, आइकॉन्स, टाइटंस और ऐक्टर्स। इसके अलावा इनोवेटर्स और पायनियर्स को भी इसमें जगह दी जाती है। लीडर्स की सूची में भारतीय मूल की रेशमा केवलरमानी को जगह मिली है, लेकिन वह भारतीय नागरिक नहीं है। केवलरमानी फिलहाल दवा कंपनी वेरटेक्स की सीईओ हैं। वह जब अमेरिका गई थीं, तब महज 11 साल की ही थीं। अब वह अमेरिका की नामी बायोटेक्नोलॉजी कंपनी की सीईओ हैं।
