-बीजेपी शासित राज्यों की तुलना में दिल्ली में मिल रही सबसे सस्ती बिजली

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) की नेता और दिल्ली की भावी सीएम आतिशी ने शुक्रवार को केंद्र और बीजेपी सरकारों पर जोरदार हमला बोला। आतिशी ने कहा कि अगर इस बार चुनाव में अरविंद केजरीवाल को नहीं जिताया तो दिल्ली वालों का हाल बिजली के बिल और कटौती में यूपी और बीजेपी की अन्य राज्यों की सरकारों जैसा हो जाएगा।
यूपी सरकार ने बिजली कनेक्शन लेने के लिए दाम ढाई सौ गुना बढ़ा दिए हैं। यूपी में गरीब परिवार जो एक किलो वाट के छोटे-छोटे कनेक्शन लेते हैं, पहले वह मात्र 1200 रुपए देते थे। अब उसको बढ़कर तीन हजार कर दिया है यानि ढाई सौ फीसदी वृद्धि। अगर किसी का पांच किलो वाट का बिजली का कनेक्शन है, जो दिल्ली में रहने वाले आम मिडिल क्लास लोगों के लिए एक सामान्य बात है। उस पांच किलो वाट बिजली कनेक्शन के दाम को यूपी सरकार ने 118 फीसदी बढ़ा दिया है। इसे 7967 से 17365 रुपए कर दिया है यानि 118 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
आतिशी ने आरोप लगाया है कि यूपी की योगी सरकार ने इस साल गर्मी के मौसम में सबसे हाईटेक शहर ग्रेटर नोएडा, नोएडा, गाजियाबाद और साहिबाबाद में लंबे-लंबे पावर कट और सबसे महंगी बिजली दी है। यही कारण है कि दिल्ली वालों के लिए बहुत जरूरी है कि वह फिर से अरविंद केजरीवाल को चुनकर लाएं और उन्हें फिर से दिल्ली का सीएम बनाएं। आतिशी ने कहा है कि केजरीवाल का मॉडल 24 घंटे और सबसे सस्ती बिजली है। इस साल दिल्ली में 19 जून को 8400 मेगावाट की पीक डिमांड पर भी दिल्ली में लोड शेडिंग नहीं हुई। दिल्ली में पावर कट नहीं हुआ। आप की दिल्ली सरकार 24 घंटे बिजली देती है और सबसे सस्ती बिजली देती है। दिल्ली में 37 लाख ऐसे उपभोक्ता हैं जिनका बिजली का बिल जीरो आता है। 15 लाख ऐसे परिवार हैं जिनको बिजली के बिल आधे दाम पर मिलते हैं।
आतिशी ने कहा कि यदि बीजेपी शासित अन्य राज्यों से तुलना की जाए तो दिल्ली में सबसे सस्ती बिजली है। दिल्ली में 400 यूनिट का बिल 980 रुपए आता है। इतने ही यूनिट का बिल गुजरात में अहमदाबाद में 2044 रुपए, हरियाणा के गुड़गांव में 2300, मध्य प्रदेश में 3800 और महाराष्ट्र में 4460 रुपए बिजली का बिल आता है। यानि मध्य प्रदेश में और महाराष्ट्र में जहां पर बीजेपी की सरकार है, वहां पर 400 यूनिट बिजली का बिल दिल्ली से चार गुना ज्यादा आता है। लंबे-लंबे पावर कट और सबसे महंगी बिजली बीजेपी का मॉडल है।
आतिशी ने जनता से अपील की कि आने वाले चार महीनों में जब तक मेरे पास दिल्ली के सीएम होने की जिम्मेदारी है, मुझे पता है बीजेपी अपने एलजी साहब के जरिए जरूर कोई न कोई षड्यंत्र रचेगी लेकिन मैं आम आदमी पार्टी की तरफ आज्ञैर अरविंद केजरीवाल की तरफ से दिल्ली वालों से यह वादा करती हूं कि हम दिल्ली वालों के बिजली के बिल नहीं बढ़ने देंगे।
