Spread the love

देवरिया। नीले ड्रम और सांप से डसवाने के बाद सोशल मीडिया में अब कत्‍थई सूटकेस की चर्चा है। अब यूपी के देवरिया से ऐसी ही एक नई कहानी सामने आई है। यहां बीवी ने इश्‍क में रोड़ा बने शौहर को रास्‍ते से हटाने के लिए प्रेमी को ही हत्या की सुपारी दे दी। रात में दोनों ने मिलकर मार डाला। हत्या के समय पत्नी ने जरा सा भी रहम नहीं दिखाया। पति बच न जाए, इसलिए उसके शरीर पर एक बार नहीं, बल्कि छह से अधिक बार धारदार हथियार से हमला कराया। पति के मर जाने का यकीन होने के बाद दोनों ने कत्‍थई रंग के सूटकेस में शव को रखा और फिर एक खेत में फेंक दिया।अब यह कत्थई रंग का सूटकेस चर्चा में आ गया है।
देवरिया के मईल थाना क्षेत्र के भटौली की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। भटौली के रहने वाले नौशाद तीन भाई थे। यह सऊदी काम करने लगे तो घर की आर्थिक स्थिति मजबूत हो गई। इसके बाद वह गांव के बाहर जमीन खरीद कर मकान बनवा लिए। वहां उनकी पत्नी अपनी इकलौती बेटी के साथ रहती थी जबकि परिवार के अन्य सदस्य गांव वाले घर पर रहते हैं।पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस बीच नौशाद की पत्नी का रिश्ते के भांजे से प्रेम हो गया। दोनों के प्रेम की चर्चा कई गांवों तक है। बताया जा रहा है कि एक वर्ष पहले नौशाद जब गांव आए थे तो इन दोनों का मामला उनके सामने भी आ गया। नौशाद ने सख्ती दिखाई तो पंचायत हुई। पंचायत में यह तय हुआ कि दोनों अब एक-दूसरे से नहीं मिलेंगे। लेकिन नौशाद के जाने के बाद दोनों का प्रेम पुन: परवान चढ़ गया। दोनों आए दिन मिलने लगे थे।
एक सप्ताह पहले ही सऊदी अरब से नौशाद कमाकर आए थे। अभी नौशाद के सूटकेस में कुछ कागजात रखे हुए थे। हत्या करने के बाद शव को ठिकाना लगाने के लिए नौशाद के सूटकेस को पूरी तरह से पत्नी व उसके प्रेमी ने खाली कर दिया, लेकिन एक कागजात उसी में छूट गया। इसके अलावा सूटकेस पर भी एयरपोर्ट वाला टैग लगा हुआ था। जब फोरेंसिक टीम सूटकेस से नमूना एकत्रित कर रही थी, उसी समय कागजात मिल गए। इसके बाद टीम गांव पहुंच गई और पड़ताल शुरू की तो पता चला कि नौशाद की पत्नी का गांव के रहने वाले भांजे से ही अवैध संबंध है।
अवाक रह गए ग्रामीण
गांव के लोगों का कहना था कि नौशाद का व्यवहार बहुत अच्छा था। पत्नी के अवैध संबंध की जानकारी होने के बाद भी उसे वह कबूल लिए थे। ग्रामीणों का कहना था कि पत्नी ने जो कृत्य किया है, उसे फांसी की सजा होनी चाहिए। वहीं पिता मन्नू अहमद का रोते-रोते बुरा हाल हो गया था। वह महिला पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। फफक-फफक कर रो रही बेटी आतिफा भी मां के इस कृत्य पर शर्मिंदा थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *