
खिरकिया। खिरकिया नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार को भोपाल लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई की। टीम ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) आत्माराम सांवरे को रिश्वत लेते पकड़ा है। फरियादी भगवान दास सेन ने लोकायुक्त को शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि सीएमओ ने मकान बनाने की परमिशन के लिए 5000 रुपए की रिश्वत मांगी थी। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त की 7 सदस्यीय टीम ने छापा मारा। लोकायुक्त पुलिस ने फरियादी भगवानदास सेन को नम्बर दर्जकर पांच पांच सौ रुपए दस नोट कुल पांच हजार रुपए दिए, जो फरियादी ने मंगलवार को सीएमओ को दिए। सीएमओ ने रुपए लेकर टेबल पर एक फाइल के नीचे रख लिए। इसी दौरान लोकायुक्त पुलिस की टीम आ गई और सीएमओ के टेबल से पांच हजार रुपए बरामद किए।
सीएमओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
लोकायुक्त टीम ने सीएमओ के हाथ धुलवाए तो सीएमओ के हाथ गुलाबी रंग के हो गए। लोकायुक्त पुलिस ने सीएमओ को आज बुधवार को लोकायुक्त पुलिस के भोपाल मुख्यालय में तलब किया है। सीएमओ पर धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीएमओ आत्माराम सांवरे पांच साल पहले जब यहां पदस्थ थे, तब भी उनके विरुद्ध पौधों की खरीदी में बड़े पैमाने पर अनियमितता के आरोप लगाए गए थे। इतना ही नहीं उनके खिलाफ छीपाबड़ पुलिस थाने में एफआईआर की थी।
