जैसीनगर से सागर ला रहे थे, डिग्गी से 9 पेटी जब्त

सागर । मोतीनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से भरी एक कार को पकड़ा। कार से 9 पेटी देसी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि जैसीनगर रोड से सागर की ओर एक कार में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मसानझिरी रोड पर चेकिंग पॉइंट बनाया। चेकिंग के दौरान जैसीनगर की ओर से आ रही सफेद रंग की कार (एमपी07सीडी7969) को रोका गया। कार में सवार दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम राजा पटेल (31) निवासी बीडी कॉलोनी बाघराज वार्ड और दूसरे युवक ने अपना नाम नीरज पटेल (24) निवासी पिपरिया पंतनगर वार्ड बताया।
कार की तलाशी में डिग्गी से 9 पेटी देसी मसाला शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 50-50 पाव शराब भरी थी। पुलिस ने कुल 81 लीटर शराब और 8.81 लाख रुपए कीमत की कार जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से शराब की खरीद और बिक्री के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आया कि राजा पटेल के खिलाफ पहले से 4 और नीरज पटेल के खिलाफ एक अपराध दर्ज है।
