
जबलपुर। जगतगुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने यहां कहा की वक्फ संशोधन कानून पूरी तरह से राजनीतिक है. उन्होंने मोदी सरकार पर सवाल उठाते हुये कहा की इस बिल के सदन में पेश होने के पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक वीडियो में मुस्लिम नेताओं के साथ चर्चा करते और उनसे सुझाव मांगते दिखाई व सुनाई पड़ रहे हैं. इससे स्पष्ट है की मोदी सरकार ने पांच साल पहले ही मुस्लिम नेताओं के साथ बैठक कर इस संशोधन बिल को लाने की मंशा बना ली थी. जबलपुर प्रवास पर आए जगत गुरु शंकराचार्य यहां बगलामुखी शंकराचार्य मठ में पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा कर रहे थे.
इस अवसर पर उन्होंने सनातन बोर्ड पर भी अपनी बात तल्ख अंदाज में रखी. जगत गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महराज ने कहा की हर हिन्दू को कट्टर होना पड़ेगा. तभी हिन्दू राष्ट्र बनेगा और गौहत्या बंद होगी.
पंडित धीरेन्द्र शास्त्री द्वारा हिन्दू राष्ट्र की मांग के संदर्भ में तंज कसते हुये आपने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से मिलने के बाद उनकी यह मांग हिन्दू गांव तक सीमित हो गई है.
पंडित धीरेन्द्र शास्त्री का दृष्टिकोण बदल गया है. उन्होंने कहा की भारत हमेशा से हिन्दू राष्ट्र रहा है और बहुमत में हिन्दू है. लेकिन संविधानिक रूप से इसे घोषित करने के नाम पर सरकार हिन्दुओं के साथ छलावा कर रही है.
वक्फ संशोधन बिल सरकार का जुमला..
ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने वक्फ बिल से जुड़े एक सवाल पर कहा की यह भी सरकार का एक जुमला है, वक्फ बिल मुसलमानों के लिये सौगात ए मोदी है. दराअसल वक्फ बिल मुसलमानों के फायदे के लिये बनाया गया है और मुस्लिम नेताओं के साथ प्रधानमंत्री की राय शुमारी इस बात की पुष्टि भी करती है. उन्होंने कहा की अभी तक कोई भी वक्फ संपत्ति न तो सरकारी हुई है और न हिन्दुओं के पास आई है. यह बिल उन्हीं के फायदे के लिये लाया गया है. मुस्लिम आज भी अपने धर्म स्थल बचाए हुये हैं और हिन्दुओं के धर्म स्थलों का अधिग्रहण किया जा रहा है.
कौन क्या खाता है, यह तो वही बता सकता है…
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर बीफ खाने के आरोप पर उन्होंने कहा कि कौन क्या खाता है यह तो वही बता सकता है या साथ में बैठकर खाने वाला जान सकता है. आरोप लगाने वाले मंत्री कैलाश विजय वर्गीय बताए की बीफ बैन की मांग करने वाले केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को कैबिनेट से बाहर क्यों किया गया. बीफ खाने की बात करने वाले केन्द्रीय रिजिजू पर क्या कार्यवाही हुई. जिन्होंने पूरे देश के हिन्दुओं को चैलेंज किया था.
शंकराचार्य जी ने कहा की गौ रक्षा को लेकर उन्होंने हर पार्टी के सामने अपनी बात रखी है. लेकिन कहीं से भी उन्हें संतोष जनक जवाब नहीं मिला. बल्की बैरीकेटिंग कर उन्हें 100 मीटर दूर रोक दिया गया.
