
दोस्त की बेटी ने ही कराई उसके खिलाफ एफआईआर
इन्दौर।अपने पिता के मित्र पर ही छेड़छाड़ और मारपीट का केस एक महिला द्वारा दर्ज कराया गया है।मामला परदेशीपुरा थाना क्षेत्र का है जहां पीड़ित महिला ने अपने पिता के पूर्व मित्र साजिद उर्फ बलवीर खान पर रास्ता रोकने, अभद्रता और मारपीट के आरोप लगाते एफआईआर दर्ज कराई। मामले में एफआईआर के बाद पुलिस ने आरोपी साजिद को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में बताया जा रहा है कि साजिद निवासी सुखलिया खुद को मीडियाकर्मी बता पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था जब पुलिस ने उसका रिकार्ड खंगाला तो उसके खिलाफ पहले से तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज मिले। परदेशीपुरा थाना पुलिस के अनुसार पीड़िता ने पुलिस को दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह अपने पिता के घर से बुधवार रात करीब 11 बजे नंदानगर स्थित अपने निवास लौट रही थी। रास्ते में साजिद ने उसे रोक लिया। वह नशे में था और पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर उसे गालियां देने लगा और उसे थप्पड़ भी मारा तथा उससे अश्लील बातें कीं। जिसके चलते वह चिल्लाई तो शोर सुनकर आसपास रहने वाले मौके पर पहुंचे उनको एकत्रित होता देख साजिद वहां से भाग गया। जिसके बाद उसने परिजनों को पूरी घटना बताई और उनसे बात कर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने आरोपी साजिद के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और अभद्र व्यवहार की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जांच कार्रवाई शुरू कर दी है।
