
इन्दौर। आनलाइन गेम की लत के चलते कर्ज में डूबे एक पुलिसकर्मी ने सूदखोरों से परेशान होकर खुदकुशी कर ली। वह कल शाम घर के पास ही जहर खाकर घर पहुंचा था परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। मृतक पुलिसकर्मी का नाम नितेश वर्मा उम्र छत्तीस साल और वह फर्स्ट बटालियन में पदस्थ था। मामला एरोड्रम थाना क्षेत्र का है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। एरोड्रम थाना पुलिस के अनुसार मृत पुलिसकर्मी नितेश ने अर्जुन और आकाश नामक दो व्यक्तियों से 5 लाख रुपए कर्ज लिया था, जिसके वे 25 लाख रुपए मांग रहे थे। जिसके चलते वह परेशान था। पुलिस को पूछताछ में नितेश के पिता ने बताया कि उसने अर्जुन और आकाश से ब्याज पर पैसे लिए थे। बेटा हर महीने उन्हें ब्याज की राशि भी दे रहा था। इसके बाद भी उन्होंने राशि लौटाने का कुबूलनामा करवाते हुए वीडियो बनाया था, जिसे वायरल करने की धमकी देते उसे डराते थे। नितेश के चाचा कमल ने पुलिस को बताया कि वीडियो वायरल करने की धमकी से तंग आकर नितेश ने सुसाइड कर लिया। बताया जा रहा है कि नितेश 12 साल से पुलिस की नौकरी में था। मामले में एडिशनल कमिश्नर अमित सिंह के अनुसार आरक्षक नितेश वर्मा को ऑनलाइन गेम खेलने का शौक था, इससे उस पर कर्ज हो गया था। इसके चलते उसने सूदखोरों से कर्ज ले लिया था। सूदखोर अब चार गुना रुपए मांग रहे थे। परिवार के बयानों के बाद मामले में आगे कार्रवाई की जाएगी।
