Spread the love

फिरोजाबाद। दो बच्चों की मां ने अपने पति को नीले ड्रम में पैक करने की धमकी दी है। ये धमकी उस समय मिली जब पति ने उसे अपने प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। अलीगढ़ निवासी युवक की शादी 18 वर्ष पूर्व न्यू शिवनगर निवासी एक युवती से हुई थी। शादी से पूर्व ही युवती का टूंडला निवासी गैर समुदाय के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती का शादी के बाद भी प्रेमी से मिलना जुलना जारी रहा। इस दौरान उसके दो संतानें भी हुई। बड़ा पुत्र 17 वर्ष व छोटा पुत्र 14 वर्ष का है।
दो वर्ष पूर्व युवती ससुराल से मायके आकर रहने लगी। शक होने पर शुक्रवार शाम पति टूंडला आ गया और कंप्यूटर सीखने के बहाने घर से निकली पत्नी का पीछा किया। पत्नी को उसके प्रेमी की दुकान में आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। हंगामा करने पर प्रेमी मौके से भाग गया। इसके बाद पत्नी विरोध करने पर पति को नीले ड्रम में पैक करने की धमकी देकर वहां से चली गई। शनिवार दोपहर 12 बजे पति हिंदू संगठन के पदाधिकारियों के साथ प्रेमी की दुकान पर पहुंच गया और उसे पकड़कर पुलिस के सिपुर्द कर दिया। थाने पहुंची प्रेमी की पत्नी ने भी थाने में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने उसे पकड़कर बिठा लिया और कुछ देर बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया। पत्नी अपने पति को परेशान करने का आरोप लगा रही थी। इंस्पेक्टर अंजीश कुमार का कहना है कि किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *