इन्दौर ) लोकायुक्त पुलिस ने एक ट्रैप कार्रवाई में शासकीय स्कूल के अतिथि शिक्षक को शिक्षक से ही रिश्वत लेते पकड़ा है। अतिथि शिक्षक फरियादी शासकीय स्कूल के शिक्षक से एरियर निकलवाने के नाम पर पांच प्रतिशत कमीशन रिश्वत में मांग रहा था। जिसकी शिकायत पर लोकायुक्त टीम ने योजना बना शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के अतिथि शिक्षक हीरालाल गुप्ता को शासकीय स्कूल के ही शिक्षक से 6, 600 रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। लोकायुक्त एसपी डॉ. राजेश सहाय के अनुसार शासकीय प्राथमिक विद्यालय मोरीपुरा, संकुल केन्द्र मदरानिया, विकास खंड ठीकरी जिला बडवानी के फरियादी शिक्षक संजय वर्मा निवासी रजूर जिला खरगोन की शिकायत पर आरोपी अतिथि शिक्षक हीरालाल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मदरानिया तहसील ठीकरी जिला बड़वानी को पकड़ा गया। संजय वर्मा ने लोकायुक्त पुलिस को अपनी दर्ज शिकायत में बताया था कि वह उसका 18 जनवरी 2020 से अक्टूम्बर 2024 तक की वेतन विसंगति के अन्तर राशि का एरियर 1,33,805 रूपए का भुगतान कराने के लिए शा.उ.मा. वि. मदरानिया के अतिथि शिक्षक, प्रभारी लेखापाल से मिला तो बातचीत में आरोपी अतिथि शिक्षक हीरालाल ने भुगतान कराने के लिए उससे पांच प्रतिशत राशि के हिसाब से 6,600 रिश्वत राशि की मांग की गई। शिकायत जांच उपरांत सही पाएं जाने पर टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते आरोपी को पकड़ा।
