
ग्वालियर। इवेंट कंपनी में काम करने वाले एक युवक ने अपनी मैनेजर के साथ दुष्कर्म कर डाला | पीड़ित युवती को हाल ही में उसे पता लगा कि वह एक महीने की गर्भवती है। घटना हजीरा के न्यू रेशम विहार इलाके की है। पीड़िता ने मामले की शिकायत हजीरा थाना में की है। जिस पर मंगलवार को आरोपी पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शहर के हजीरा थाना क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय युवती इवेंट मैनेजर है। डेढ़ साल पहले वह उत्तर प्रदेश झांसी में एक इवेंट के लिए गई थी। वहां उसकी मुलाकात इवेंट कंपनी में काम करने वाले सरफराज खान निवासी चंपारण बिहार हाल निवास गोला का मंदिर से हुई थी। दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई और फोन पर बातचीत होने लगी। कई इवेंट एक साथ किए तो घर पर आना-जाना भी शुरू हो गया।
21 मार्च 2025 को जब इवेंट मैनेजर घर पर अकेली थी तभी सरफराज उनके घर पहुंचा। यहां वह कुछ देर बैठा और उसके बाद युवती के साथ जबरदस्ती की । युवती ने विरोध जताया तो आरोपी ने उसकी मां की हत्या करने की धमकी दी। जिस पर वह डर के चलते खामोश रही। उसे डर था कि आरोपी ने उसके फोटो-वीडियो भी बना लिए हैं। यदि उसने किसी को कुछ बताया तो वह सोशल मीडिया पर फोटो वायरल कर बदनाम कर देगा।
बदनामी के डर से इवेंट मैनेजर चुप रही | कुछ दिन पहले उसकी तबीयत खराब हुई। जांच कराई तो अल्ट्रासाउंड में पता चला कि वह गर्भवती है और उसको एक से सवा माह का गर्भ है। उसने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को घटना की जानकारी दी। युवती अपने परिजन के साथ हजीरा थाना पहुंची और शिकायत की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
