
पुलिस ने दो बड़ी चोरियों का किया खुलासा
छिंदवाड़ा। दमुआ थाना अंतर्गत एसबीआई बैंक के समीप पिछले दिनों बाईक की डिग्गी में रखे लाखों रूपए के चोरी होने के मामले का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से २ लाख ३० हजार रूपए का माल मशरूका बरामद किया है। मामले में थाना प्रभारी आशीष धुर्वे ने बताया कि राखीकोल निवासी बलदेव बानखेड़े ने ५ मई को एसबीआई बैंक से 1 लाख 10 हजार रूपए निकाले थे और अपनी डिग्गी में रखा था। इसी दौरान अज्ञात बदमाश ने डिग्गी खोलकर बैग में रखी नकदी चोरी कर ले गए थे। घटना की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। सीसीटीवी कैमरे और सायबर सेल की मदद से झिरी घाट दमुआ में संजय कुमार भानेरिया पिता धीरज कुमार भानेरिया निवासी काडिया जिला राजगढ कैद हुआ था। पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ा और उसके कब्जे से ७४ हजार रूपए और बैग बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपनी पत्नी एकता भानेरिया और बुआ सास सुधा बाई सिसोदिया के साथ मिलकर 9 मई को परासिया बैंक के सामने से भी १ लाख ४ हजार रूपए चोरी किए थे। उक्त राशि में से ४१ हजार रूपए जब्त किए हैं, जबकि बाकी रकम बुआ सास और उसकी पत्नी लेकर भाग निकली। उन्होंने बताया कि आरोपी के कब्जे से २ लाख ३० हजार रूपए का माल मशरूका बरामद किया है। आरोपी को पकडऩे वाली टीम में उनि तरुण सिंह मरकाम, सउनि शैलेष ठाकुर, आरक्षक सागर , भगवान , हनुमत मरावी , सुरजीत तथा सायवर सेल से आरक्षक नितिन व आदित्य शामिल थे।
